बैतूल, मध्यप्रदेश – शनिवार को बैतूल-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शाहपुर थाना क्षेत्र के नीमपानी बाचा ढाबे के पास ग्राम कोटमी माल में हुआ।
जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र उइके (29) अपनी बहन पूनम उइके (24) के साथ बाइक से पाढर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार लाल रंग की कार ने अचानक कट मार दिया, जिससे बाइक संतुलन खोकर पुलिया से नीचे जा गिरी। इस दौरान पुलिया के नीचे लगे लोहे के सरियों में धर्मेंद्र की जांघ फंस गई, जबकि पूनम भी गंभीर रूप से घायल हो गई।

मौके पर राहत और बचाव
हादसे की सूचना मिलने पर शाहपुर और पाढर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गैस कटर और आरी की मदद से पुलिस ने सरिया काटकर धर्मेंद्र को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों घायलों को तुरंत 112 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया गया।

भोपाल रेफर
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने धर्मेंद्र की स्थिति को नाजुक बताया। मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रकाश तिवारी ने बताया कि जांघ में सरिया आर-पार होने के कारण नसों और मांसपेशियों को गंभीर नुकसान पहुंचने का खतरा था। इसलिए तत्काल सर्जरी संभव नहीं थी और उसे भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में माइक्रो-वैस्कुलर सर्जरी के लिए रेफर किया गया। इस दौरान धर्मेंद्र ने लगभग 225 किमी की दूरी एम्बुलेंस में दर्द सहते हुए तय की।

बहन का इलाज जारी
धर्मेंद्र की बहन पूनम उइके का इलाज जिला अस्पताल बैतूल में जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद कार चालक फरार हो गया है और उसकी तलाश जारी है।