बैतूल जिले के गंज थाना क्षेत्र में 2 दिसंबर की रात बदमाशों ने एक किराना व्यापारी पर बेरहमी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यापारी की पहचान राहुल हिरानी के रूप में हुई है। घटना का वीडियो सामने आते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। वीडियो में 8–10 बदमाश व्यापारी को घेरकर पीटते हुए दिख रहे हैं, जबकि पुलिस फिलहाल 4 आरोपियों के फरार होने की बात कह रही है।

मुख्य आरोपी शिवम उर्फ लाला गिरफ्तार, जुलूस निकाला
शनिवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम उर्फ लाला को सोनाघाटी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसका जुलूस भी निकाला। पुलिस के मुताबिक, शिवम का आपराधिक रिकॉर्ड भारी है और उसके खिलाफ पहले से हत्या व हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
एसडीओपी सुनील लाटा ने बताया कि आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा गया है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने कहा कि सभी बदमाशों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पान की दुकान से शुरू हुआ विवाद
घटना वाली रात राहुल हिरानी पान की दुकान पर खड़े थे। उसी दौरान आरोपी शिवम का किसी अन्य व्यक्ति से विवाद हो रहा था। इसी विवाद के बीच आरोपी ने व्यापारी की कार का कांच फोड़ दिया। विरोध करने पर शिवम और उसके साथियों ने राहुल पर बेसबॉल बैट जैसे डंडे से हमला कर दिया।
हमले के बाद राहुल जमीन पर गिरकर बेसुध हो गए, लेकिन इसके बाद भी बदमाश उन्हें पीटते रहे।
गंज इलाके में मचाया आतंक
प्रत्यक्षदर्शी अमन अटलानी के अनुसार उस रात करीब 10 बदमाशों ने इलाके में जमकर उत्पात मचाया।
- पहले एक बालिका और उसके बुजुर्ग पिता से मारपीट
- फिर अमन, निखिल और राहुल पर हमला
- खड़ी गाड़ियों के कांच तोड़े
- बेसबॉल बैट से कई वाहनों को निशाना बनाया
गंभीर रूप से घायल राहुल को नागपुर रेफर किया गया था, जहां से उनकी आज छुट्टी हुई है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं अनेक केस
गिरफ्तार आरोपी शिवम उर्फ लाला पर पहले से हत्या और हत्या के प्रयास के तीन केस दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों के नाम और पते की जानकारी मिल गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गंज थाना पुलिस ने जनता से अपील की है कि फरार बदमाशों की गिरफ्तारी में सहयोग करें।