भागीरथपुरा मौतों का मेडिकल खुलासा: सिर्फ दस्त-उल्टी नहीं, सेप्सिस और ऑर्गन फेल्योर बने जानलेवा कारण !

Spread the love

इंदौर। भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से हुई मौतों को लेकर पोस्टमॉर्टम और मेडिकल जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पोस्टमॉर्टम से जुड़े डॉक्टरों के अनुसार, कई मृतकों में सेप्टिक शॉक और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के स्पष्ट संकेत मिले हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ये मौतें केवल दस्त या उल्टी से नहीं हुईं, बल्कि यह एक गंभीर और तेजी से बढ़ने वाली मेडिकल प्रक्रिया थी, जिसमें शरीर का पूरा सिस्टम धीरे-धीरे जवाब देता चला गया।

क्या है सेप्सिस और क्यों बनती है जानलेवा?

डॉक्टरों के मुताबिक, सेप्सिस की स्थिति में संक्रमण खून में फैल जाता है। इसके बाद शरीर की रक्षा प्रणाली ही अत्यधिक सक्रिय होकर अपने ही अंगों को नुकसान पहुंचाने लगती है। इसी कारण मरीज अचानक गंभीर हो जाता है और कई बार समय पर इलाज के बावजूद उसे बचाना मुश्किल हो जाता है।

विशेषज्ञ बताते हैं कि दूषित पानी पीने के बाद सबसे पहले आंतों में संक्रमण होता है। पानी में मौजूद बैक्टीरिया या अन्य पैथोजन आंतों की सामान्य कार्यप्रणाली को बिगाड़ देते हैं, जिससे तेज दस्त और उल्टी शुरू हो जाती है। बाहर से यह बीमारी सामान्य गैस्ट्रोएंटेराइटिस जैसी लग सकती है, लेकिन भीतर ही भीतर शरीर तेजी से कमजोर होने लगता है।

डिहाइड्रेशन और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन बना टर्निंग पॉइंट

एमजीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग अध्यक्ष डॉ. एडी भटनागर के अनुसार, तेज दस्त और उल्टी के कारण कुछ ही घंटों में शरीर से बड़ी मात्रा में पानी और जरूरी मिनरल्स बाहर निकल जाते हैं। इसे मेडिकल भाषा में गंभीर डिहाइड्रेशन और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन कहा जाता है। यहीं से बीमारी खतरनाक मोड़ ले लेती है।

उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन से शरीर का तापमान, ब्लड प्रेशर और हार्ट रेट गड़बड़ा जाते हैं। इसका सीधा असर किडनी और हार्ट पर पड़ता है। किडनी पर्याप्त मात्रा में खून को फिल्टर नहीं कर पाती, जिससे शरीर में टॉक्सिन जमा होने लगते हैं। वहीं हार्ट की धड़कन अनियमित हो सकती है। कई मामलों में यही स्थिति कार्डियक अरेस्ट या ऑर्गन फेल्योर तक पहुंच जाती है।

बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा खतरा

डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे मामलों में बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को सबसे ज्यादा खतरा होता है। इनकी बॉडी रिजर्व क्षमता कम होती है, यानी शरीर लंबे समय तक डिहाइड्रेशन और संक्रमण का दबाव सहन नहीं कर पाता। कई बार मरीज जब अस्पताल पहुंचता है, तब तक अंदरूनी नुकसान जानलेवा स्तर तक पहुंच चुका होता है।

पानी और मरीजों के सैंपल की अत्याधुनिक जांच

अरबिंदो अस्पताल के फाउंडर चेयरमैन डॉ. विनोद भंडारी ने बताया कि भागीरथपुरा से लिए गए पेयजल के सैंपल की मल्टीप्लेक्स पीसीआर जांच की जा रही है। यह एक अत्याधुनिक तकनीक है, जिसके जरिए पानी में साल्मोनेला, ई-कोलाई O157, वीटीईसी और कैंपाइलोबैक्टर जैसे खतरनाक बैक्टीरिया की मौजूदगी का पता लगाया जा रहा है।

इसके साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों के स्टूल सैंपल्स की भी बैक्टीरियल पैथोजन जांच की जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, पानी और मरीज—दोनों स्तर पर जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि संक्रमण किस स्तर तक पहुंचा और किन कारणों से मरीजों में सेप्सिस व ऑर्गन फेल्योर जैसी गंभीर स्थितियां बनीं।

चेतावनी और सबक

मेडिकल विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि दूषित पानी से होने वाली बीमारियों को हल्के में लेना घातक हो सकता है। यदि किसी क्षेत्र में अचानक दस्त-उल्टी के मामले बढ़ें, तो तुरंत साफ पानी की उपलब्धता, ओआरएस का उपयोग और समय पर अस्पताल पहुंचना बेहद जरूरी है। भागीरथपुरा की घटना ने यह साफ कर दिया है कि पेयजल की गुणवत्ता में थोड़ी-सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *