भारत-नामीबिया मैच से पहले विवाद, प्रैक्टिस टाइमिंग को लेकर कप्तान इरास्मस नाराज !

Spread the love

नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार को भारत और नामीबिया के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में डे-नाइट मुकाबला खेला जाएगा। मैच से पहले नामीबिया के कप्तान जेरार्ड इरास्मस ने प्रैक्टिस सेशन के समय को लेकर नाराजगी जताई है।

रात में नहीं मिला अभ्यास का मौका

भारत के खिलाफ होने वाला यह मुकाबला फ्लडलाइट्स में खेला जाना है, लेकिन नामीबिया की टीम को रात में अभ्यास का अवसर नहीं मिला। उन्हें दोपहर में ही ट्रेनिंग करनी पड़ी।

हैरानी की बात यह रही कि जब नामीबिया की टीम दोपहर में अभ्यास खत्म कर लौट रही थी, उसी समय भारतीय टीम कनाडा के साथ फ्लडलाइट्स में ट्रेनिंग के लिए मैदान पर पहुंची। कनाडा का अगला मुकाबला शुक्रवार को दोपहर 3 बजे यूएई से है।

कप्तान बोले- हमारे यहां फ्लडलाइट्स नहीं

मैच की पूर्व संध्या पर इरास्मस ने कहा,
“नामीबिया में हमारे पास फ्लडलाइट्स वाला इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है। विदेशी लीग या पिछले वर्ल्ड कप में खेलने वाले खिलाड़ियों को छोड़ दें तो ज्यादातर खिलाड़ी रात में खेलने के आदी नहीं हैं। हमें भारत के खिलाफ मैच से पहले नाइट प्रैक्टिस का समय नहीं दिया गया। मुझे नहीं पता ऐसा क्यों हुआ, जबकि भारत और कनाडा दोनों को रात का सत्र मिला। अब हम मैदान पर उतरेंगे और पूरी कोशिश करेंगे।”

ICC की सफाई

इस विवाद पर ICC के प्रवक्ता ने कहा कि सभी टीमों को ट्रेनिंग शेड्यूल 27 जनवरी को भेज दिया गया था।

“समय में बदलाव की रिक्वेस्ट को तभी स्वीकार किया जाता है जब वह समय पर मिले। नामीबिया ने 10 फरवरी की रात को बदलाव के लिए अनुरोध किया, जो काफी देर से था। इसी कारण शेड्यूल में बदलाव संभव नहीं हो सका।”

कोच की योजना पर फिरा पानी

नामीबिया के कोच क्रेग विलियम्स ने पिछले मैच के बाद उम्मीद जताई थी कि भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले उन्हें फ्लडलाइट्स में अभ्यास का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा था कि रात में खेलना उनकी टीम के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रहता है और वे नाइट सेशन का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं। हालांकि, ICC की अनुमति न मिलने से उनकी यह योजना अधूरी रह गई।

नीदरलैंड से हार के बाद कठिन चुनौती

नामीबिया टूर्नामेंट में अपना पहला मैच नीदरलैंड के खिलाफ हार चुका है। अब दुनिया की नंबर-1 टी-20 टीम भारत के खिलाफ उनकी राह और मुश्किल हो गई है।

बिना रात में अभ्यास किए, दिल्ली की ओस और भारतीय गेंदबाजी का सामना करना नामीबियाई बल्लेबाजों के लिए बड़ी परीक्षा साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *