नेहा कक्कड़ ने तलाक की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं- रिश्ते से नहीं, सिस्टम और कुछ लोगों से है परेशानी !

Spread the love

मुंबई: मशहूर बॉलीवुड सिंगर नेहा कक्कड़ हाल ही में अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में घिर गई थीं। नेहा ने पोस्ट में लिखा था कि वह “सभी रिश्तों से ब्रेक” ले रही हैं। इसके बाद सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में उनके तलाक की खबरें तेजी से फैलने लगीं। हालांकि अब नेहा कक्कड़ ने खुद सामने आकर इन अफवाहों पर विराम लगा दिया है।

नेहा कक्कड़ ने एक नया पोस्ट साझा करते हुए साफ किया कि वह तलाक नहीं ले रही हैं। उन्होंने लिखा कि उनकी परेशानी उनके पति या परिवार से नहीं, बल्कि कुछ लोगों और सिस्टम से है। सिंगर ने अपील की कि इस पूरे मामले में उनके पति और परिवार को न घसीटा जाए। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि भावुक होकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना उनकी गलती थी। नेहा ने लिखा, “मुझे सबक मिल गया है। लोग जानते हैं कि राई का पहाड़ कैसे बनाया जाता है।”

अपने पोस्ट के अंत में नेहा ने कहा कि वह अब अपनी पर्सनल लाइफ पर सार्वजनिक रूप से बात नहीं करेंगी। उन्होंने खुद को “बहुत ज्यादा इमोशनल नेहू” बताते हुए फैंस से माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही धमाकेदार वापसी करेंगी। साथ ही उन्होंने अपने फैंस ‘नेहार्ट्स’ को धन्यवाद भी कहा।

गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को नेहा ने भावुक पोस्ट करते हुए सभी रिश्तों से ब्रेक लेने की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने एक इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए पैपराजी और फैंस से अपील की थी कि उनकी फोटो न ली जाए और उनकी प्राइवेसी का सम्मान किया जाए।

हाल ही में नेहा कक्कड़ और उनके भाई टोनी कक्कड़ को गाने ‘कैंडी शॉप’ को लेकर भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। सोशल मीडिया यूजर्स ने गाने के डांस मूव्स को लेकर आलोचना की थी। इससे पहले 2025 में मेलबर्न कॉन्सर्ट के दौरान स्टेज पर रोने का उनका वीडियो भी काफी वायरल हुआ था।

नेहा कक्कड़ का करियर संघर्षों से भरा रहा है। चार साल की उम्र से भजन गाने वाली नेहा ने ‘इंडियन आइडल 2’ से पहचान बनाई और बाद में ‘दिलबर’, ‘आंख मारे’, ‘हौली हौली’ जैसे कई सुपरहिट गाने दिए। आज वह न सिर्फ एक सफल सिंगर हैं, बल्कि म्यूजिक रियलिटी शोज में जज के तौर पर भी नजर आती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *