भोपाल में मुस्लिम युवक से मारपीट मामले पर तनाव: ताजुल मस्जिद के बाहर देर रात तक प्रदर्शन, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले !

Spread the love

राजधानी भोपाल में हिंदू युवती के साथ होटल में मिले एक मुस्लिम युवक से कथित मारपीट और धार्मिक टिप्पणी के मामले ने मंगलवार रात बड़ा सांप्रदायिक तनाव पैदा कर दिया। वायरल वीडियो के विरोध में मुस्लिम समाज के हजारों लोग ताजुल मस्जिद, पीरगेट, इमामीगेट और मोती मस्जिद क्षेत्र में सड़कों पर उतर आए। देर रात करीब एक बजे तक प्रदर्शन चलता रहा, जिसके दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, धक्का-मुक्की और पथराव की घटनाएं भी सामने आईं।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। प्रशासन ने पुराने शहर के संवेदनशील इलाकों में धारा 144 लागू कर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।

होटल में युवक-युवती मिलने के बाद शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार 9 मई को गौतम नगर इलाके के एक होटल में कुछ हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती को साथ पकड़ लिया था। आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई, उसके चेहरे पर स्याही और गोबर लगाया गया तथा उसे अर्धनग्न हालत में पुलिस के हवाले कर दिया गया।

इस दौरान धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली कथित टिप्पणियां भी की गईं, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। वीडियो सामने आने के बाद मुस्लिम समाज में भारी नाराजगी फैल गई।

ताजुल मस्जिद के बाहर जुटी भीड़

मंगलवार दोपहर से ही लोगों का जमावड़ा शुरू हो गया था। शाम होते-होते बड़ी संख्या में युवक ताजुल मस्जिद और आसपास के इलाकों में इकट्ठा होने लगे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने में देरी कर रही है।

रात करीब 8:30 बजे प्रदर्शन और उग्र हो गया। लोगों ने नारेबाजी करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, एनएसए लगाने और बुल्डोजर कार्रवाई की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कई रास्ते बंद कर दिए।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प

रात बढ़ने के साथ हालात और तनावपूर्ण हो गए। मोती मस्जिद क्षेत्र में कुछ युवकों द्वारा पुलिस पर पथराव किए जाने की सूचना मिली। इस दौरान थाना तलैया का एक पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

शहर काजी और विधायकों ने की पुलिस कमिश्नर से मुलाकात

मामले को लेकर शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी, विधायक आरिफ मसूद और विधायक अतीक अकील ने पुलिस कमिश्नर संजय सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों का कहना था कि युवक के साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट और अपमानजनक व्यवहार कर कानून हाथ में लिया गया, जिससे समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।

युवती ने कहा- मैं लिव-इन में रह रही हूं

पूछताछ के दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि वह पिछले लगभग पांच वर्षों से युवक आरिफ खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। उसने कहा कि वह युवक के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती और उसके साथ किसी तरह की जबरदस्ती नहीं हुई है।

युवती के अनुसार दोनों होटल में इसलिए मिले थे क्योंकि जिस जगह वह रह रही है वहां बाहरी लोगों के आने की अनुमति नहीं थी।

दो आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश जारी

गोविंदपुरा थाना पुलिस के मुताबिक धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने और धर्म विशेष पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो लोगों को अभिरक्षा में लिया है, जबकि वीडियो फुटेज और गवाहों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार रोहित सिंह, बृजेंद्र प्रजापति, जीतू कुशवाह, रंजीत सूर्यवंशी और लाला राम मीणा के नाम सामने आए हैं। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है, जिसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदू उत्सव समिति का बयान

इधर हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि “लव जिहाद” जैसी घटनाओं को लेकर पहले भी शहर काजी से बयान देने की मांग की गई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने अपील की कि भोपाल का माहौल खराब करने का प्रयास न किया जाए।

पुराने शहर में सुरक्षा बढ़ाई गई

फिलहाल पुलिस प्रशासन ने पुराने भोपाल के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। शाहजहांनाबाद संभाग के एसीपी अनिल वाजपेयी ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और लगातार पुलिस गश्त की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला अब केवल मारपीट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सांप्रदायिक तनाव का रूप ले चुका है। ऐसे में प्रशासन शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था संभालने की कोशिश में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *