मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मानक महोत्सव में प्रदर्शकों को किया सम्मानित !

Spread the love

प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वास केवल शब्द नहीं, बल्कि हमारे जीवन की नींव हैं। यह बात उन्होंने भारतीय मानक ब्यूरो, भोपाल द्वारा आयोजित मानक महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में कही। इस अवसर पर निदेशक मोहम्मद रिजवान, भारतीय मानक ब्यूरो के अधिकारी, औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

मंत्री राजपूत ने कहा कि आज का उपभोक्ता अत्यंत जागरूक है। कोई भी वस्तु खरीदते समय वह ISI मार्क और Hallmark की जांच करता है। हमारे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में मानक सुरक्षा और विश्वास सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि खाद्य मानक सीधे जनता के विश्वास से जुड़े हैं, और हर निवाला तभी सुरक्षित होगा जब उसमें गुणवत्ता और सुरक्षा के मानक सुनिश्चित हों।

मंत्री ने यह भी कहा कि भारतीय मानक ब्यूरो, भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण, एवं राज्य सरकार मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित और मानकयुक्त भोजन मिले। उन्होंने प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

मानक महोत्सव में उल्लेखनीय योगदान देने वाले औद्योगिक प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और भारतीय मानक ब्यूरो के कर्मचारियों/अधिकारियों को मंत्री राजपूत ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि एक समान मानक अपनाकर हम न केवल अपने उत्पादों को बेहतर बनाएंगे, बल्कि समाज और राष्ट्र को भी सशक्त बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *