सागर जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। मकरोनिया निवासी मनी सिंह गुरोन ने थाना मकरोनिया में पदस्थ सब इंस्पेक्टर राजेश शर्मा पर अपने पिता डॉ. गुरनाम सिंह को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मनी सिंह ने इस संबंध में सागर पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई है। इसके साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य मानवाधिकार आयोग, पुलिस महानिदेशक और गृह मंत्रालय को भी शिकायत भेजी गई है।

मनी सिंह के अनुसार, उनके पिता डॉ. गुरनाम सिंह द्वारा दर्ज कराई गई एक शिकायत की जांच सब इंस्पेक्टर राजेश शर्मा कर रहे थे। आरोप है कि बयान दर्ज कराने के नाम पर डॉ. गुरनाम सिंह को लंबे समय तक थाने में बैठाए रखा गया, जबकि वे बुजुर्ग होने के साथ-साथ हृदय रोग से पीड़ित हैं। नियमों के अनुसार बुजुर्ग और बीमार व्यक्ति को थाने बुलाकर बैठाना उचित नहीं है, इसके बावजूद उन्हें मानसिक दबाव में रखा गया।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस के इस व्यवहार से डॉ. गुरनाम सिंह अत्यधिक तनाव में आ गए, जिसके चलते एक सप्ताह बाद उन्हें हार्ट अटैक आया। मनी सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित सब इंस्पेक्टर मामले की जांच को प्रभावित करते हुए उसे टालने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे उनकी कर्तव्यनिष्ठा और मंशा पर सवाल उठते हैं।

मनी सिंह ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम नागरिकों का पुलिस पर विश्वास बना रह सके।