बीना/खुरई। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को बीना और खुरई के शिवालयों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालु शिवलिंग पर जलाभिषेक, दूध, बेलपत्र, धतूरा और फल-फूल अर्पित कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते नजर आए।
खुरई के प्रसिद्ध भूतेश्वर महादेव मंदिर में अब तक 60 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। मंदिर समितियों के अनुसार देर रात तक भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहेगा।
शिव-शक्ति के मिलन का प्रतीक है महाशिवरात्रि
ज्योतिष आचार्य पंडित प्रदीप नगाइच ने बताया कि महाशिवरात्रि फाल्गुन कृष्ण चतुर्दशी की रात्रि को मनाई जाती है और यह शिव-शक्ति के दिव्य मिलन का प्रतीक है। इस दिन श्रद्धालु रात्रि जागरण, जप, ध्यान और चतुःप्रहर अभिषेक करते हैं।

मंदिरों में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु भी पूजन-अर्चना में सक्रिय रूप से शामिल रहीं।
बीना के प्रमुख मंदिरों में दिखी भारी भीड़
Bina में महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर के प्रमुख मंदिरों — मां जागेश्वरी धाम, हजारिया शिवलिंग (नया बस स्टैंड), कटरा मंदिर, देव रघुनाथ बड़ा मंदिर, महाकाल मंदिर (मालगोदाम रोड), भूतेश्वर शक्तिपीठ (नई बस्ती), जटाशंकर मंदिर (स्टेशन रोड), साहू समाज मंदिर, मारुति मंदिर, बडरकेश्वर मंदिर सहित बेतवा नदी के पिपरासर स्थित हजारिया महादेव मंदिर, बेतवा व बीना नदी के दुन्तरा घाट स्थित शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं।

सुबह ‘ओम नमः शिवाय’ के मंत्रोच्चार के साथ मां जागेश्वरी धाम से प्रभात फेरी निकाली गई, जो नगर भ्रमण कर पुनः मंदिर पहुंची और वहां सामूहिक अभिषेक किया गया। जगह-जगह श्रद्धालु शिव प्रतिमा पर पुष्पमालाएं चढ़ाते और जल अर्पित करते दिखाई दिए।
खुरई के भूतेश्वर मंदिर में सुबह 4 बजे से उमड़ी भीड़
Khurai के प्रसिद्ध भूतेश्वर मंदिर में सुबह 4 बजे से ही दर्शनार्थियों की लंबी कतार लग गई थी। महिला, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में भगवान शिव को जल चढ़ाने पहुंचे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा पठार स्थित महाकाली मंदिर, देहात थाना परिसर के शिव मंदिर, सिविल अस्पताल परिसर, डोहेला, नंदीश्वर, नीलकंठ और बरमान सहित ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में भी भक्तों का मेला लगा रहा।

भक्तिमय माहौल में डूबा पूरा क्षेत्र
महाशिवरात्रि पर बीना और खुरई पूरी तरह शिवमय नजर आए। मंदिरों में दिनभर अभिषेक, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान शिव से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
पूरे क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।