मालथौन।
“कोई भी व्यक्ति अपने अंकों से नहीं, बल्कि अपने विचारों से महान बनता है। जीत वही हासिल करता है जो डर पर विजय प्राप्त करता है।” यह प्रेरक उद्गार युवा भाजपा नेता अविराज सिंह ने शासकीय हाई स्कूल उजनेठ में विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोंडा में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अविराज सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि युवा अवस्था जीवन का वह महत्वपूर्ण चरण है, जब व्यक्ति को स्वयं को पहचानने और अपनी वास्तविक रुचियों को समझने का अवसर मिलता है। जिस क्षेत्र में सच्ची रुचि होती है, उसी में आगे बढ़ने से असफलता का भय स्वतः समाप्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल अंक, डिग्री या मार्कशीट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन के संघर्षों से लड़ने, सही-गलत की पहचान करने और समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता विकसित करती है।

उन्होंने कहा कि शासकीय हाई स्कूल उजनेठ में विकास कार्यों का भूमिपूजन और निःशुल्क साइकिल वितरण विद्यार्थियों के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शिक्षा के साथ-साथ आवश्यक सुविधाएं भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं।
अविराज सिंह ने विद्यार्थियों को स्कूल के बाद मिलने वाले खाली समय के सदुपयोग की सलाह देते हुए कहा कि खेल, कला, संगीत, चित्रकला या किसी भी रुचिकर गतिविधि में समय देना तनाव को कम करता है और आत्मविकास में सहायक होता है। धीरे-धीरे यही अभ्यास व्यक्ति के लक्ष्य को स्पष्ट करता है।
उन्होंने कहा कि स्कूल जीवन व्यक्तित्व निर्माण की नींव रखता है। यहीं से आत्मविश्वास, अनुशासन और नई सोच का विकास होता है, इसलिए स्कूल जीवन को केवल अंकों तक सीमित नहीं करना चाहिए। जीवन में चुनौतियां और असफलताएं अवश्य आएंगी, लेकिन असफलता ही सफलता की पहली सीढ़ी होती है। रोज़ आत्ममंथन करना और अपनी कमियों पर काम करना ही सफलता का मूल मंत्र है।

युवा नेता ने मोबाइल फोन के अत्यधिक और अनियंत्रित उपयोग पर चिंता जताते हुए कहा कि मोबाइल ज्ञान अर्जन का साधन बने, जीवन की सीमा नहीं। साथ ही उन्होंने नशे को समाज और युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि नशा चरित्र, प्रतिभा और पूरे परिवार को प्रभावित करता है। वर्ष 2047 तक, जब भारत आज़ादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब तक नशामुक्त युवा भारत का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए इसे जनआंदोलन बनाना होगा।
कार्यक्रम में खुमान सिंह रघुवंशी, विकास खंड अधिकारी हम्मीर सिंह, मनोहर लाल कुशवाहा, राजपाल सिंह धनौरा मंडल अध्यक्ष, दीपक रघुवंशी, वीरसिंह प्रजापति, भरतलाल यादव, विभिन्न पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।