मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “समाधान ऑनलाइन” के चयनित प्रकरणों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को त्वरित राहत मिल सके और शासन व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “समाधान ऑनलाइन” जन शिकायतों के निपटान का एक सशक्त माध्यम है, जिसका उद्देश्य है जनता की समस्याओं को सीधे शासन स्तर पर सुना और सुलझाया जाना। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों के निराकरण में मानवता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता का दृष्टिकोण अपनाया जाए।
इस अवसर पर सागर जिले से एनआईसी कक्ष से बैठक में कलेक्टर श्री संदीप जी.आर., पुलिस अधीक्षक श्री विकास सहवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री विवेक के.वी. सहित अन्य संबंधित अधिकारी ऑनलाइन मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लंबित मामलों की समीक्षा कर शीघ्र निपटारा करें, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और सुशासन की भावना धरातल पर दिखाई दे।
बैठक में विभिन्न जिलों के चयनित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों की सराहना की।