प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 19 नवम्बर 2025 को सागर संभाग के छतरपुर और पन्ना जिलों में महत्वपूर्ण प्रवास प्रस्तावित है। इस दौरान मुख्यमंत्री जहां छतरपुर जिले में पर्यटन विकास से जुड़ी बड़ी सौगात देंगे, वहीं पन्ना जिले में करोड़ों रुपये के निर्माण और विकास कार्यों की नींव रखेंगे।

छतरपुर में पर्यटन को नई उड़ान: द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव छतरपुर जिले के चन्द्रनगर में द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस का भव्य उद्घाटन करेंगे। यह पांच सितारा लग्जरी होटल प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
राजगढ़ पैलेस 350 वर्ष पुराना बुंदेला राजवंश का ऐतिहासिक महल है, जो मानगढ़ और मनियागढ़ की हरी-भरी पहाड़ियों के मध्य स्थित है। राज्य सरकार ने इसके नवीनीकरण एवं जीर्णोद्धार के बाद इसे संचालन हेतु ओबेरॉय समूह को लीज पर दिया है।
द ओबेरॉय समूह द्वारा विकसित यह शानदार पैलेस होटल पारंपरिक बुंदेलखंडी एवं भारतीय स्थापत्य का अनूठा मिश्रण प्रस्तुत करता है। यहां 66 भव्य कक्ष, महलनुमा रेस्टोरेंट, विशाल बैंक्वेट हॉल सहित अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
यह स्थान कॉर्पोरेट आयोजनों, डेस्टिनेशन वेडिंग्स और सामाजिक समारोहों के लिए नए आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। प्रदेश सरकार का मानना है कि इस होटल के खुलने से न केवल घरेलू बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटक भी बड़ी संख्या में क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक धरोहर और वन्यजीव पर्यटन की ओर आकर्षित होंगे।
पन्ना जिले में 82.62 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
पन्ना जिले के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पवई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत शाहनगर के खेल परिसर आमा में आयोजित हितग्राही सम्मेलन में मुख्य अतिथि होंगे।
यहां मुख्यमंत्री 82.62 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कुल 14 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इनमें लोक निर्माण विभाग के एक पूर्ण हो चुके कार्य का लोकार्पण तथा 13 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। जल संसाधन विभाग के एक महत्वपूर्ण कार्य का भी भूमिपूजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पण–भूमिपूजन होने वाले प्रमुख निर्माण कार्य:
- 8.78 करोड़ की लागत से निर्मित बिसानी–सलेहा वाया मैन्हा मार्ग का लोकार्पण
- 4.25 करोड़ के तिघरा बैराज का भूमिपूजन
- 7.19 करोड़ के ताला–सारंगपुर मार्ग मजबूतीकरण कार्य
- 2.15 करोड़ के तिघरा–करिया पटना मार्ग का निर्माण
- 2.82 करोड़ के किन्ना मेन रोड–महोड़ कला मार्ग
- 5.39 करोड़ के करिया–महोड़ कला मार्ग
- 6.98 करोड़ के बगरोड–सुरा डोभा मार्ग
- 2.43 करोड़ के कल्ला बछौन–गुवरदा मार्ग
- 1.99 करोड़ के कल्ला बछौन–मगरदा मार्ग
- 12.15 करोड़ के बगरोड–सलैया–समारी मार्ग
- 4.97 करोड़ के नांदचांद–नयाखेड़ा मार्ग
- 9.13 करोड़ के ताला–बंजारी मार्ग
- 4.63 करोड़ की लागत से मोहन्द्रा–रैपुरा मार्ग (किमी 37/8 से 38/8 तक) का सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण
- 9.76 करोड़ के झिरिया हरीशचन्द्र–चहकना मार्ग का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री का यह दो जिलों का दिवसीय दौरा पर्यटन, सड़क निर्माण, जल संसाधन और ग्रामीण विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस प्रवास से क्षेत्र में न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आधारभूत संरचना को भी नई मजबूती प्राप्त होगी।