Meta Platforms ने अपने लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स WhatsApp, Instagram और Facebook के लिए नए ‘प्लस’ सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च करने की घोषणा की है। इन नए प्लान्स के जरिए यूजर्स को कई एक्सक्लूसिव फीचर्स, एडवांस कस्टमाइजेशन और प्रीमियम टूल्स मिलेंगे।
कंपनी का कहना है कि यह कदम विज्ञापन के अलावा कमाई के नए स्रोत विकसित करने की रणनीति का हिस्सा है। हालांकि मेटा ने स्पष्ट किया है कि ये नए प्लस प्लान मौजूदा Meta Verified को रिप्लेस नहीं करेंगे।
फिलहाल कंपनी ने इन प्लान्स को वैश्विक स्तर पर रोलआउट करने की घोषणा की है, लेकिन भारत में लॉन्च की तारीख का अभी खुलासा नहीं किया गया है।
इंस्टाग्राम और फेसबुक प्लस में मिलेंगे नए फीचर्स
इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस को खासतौर पर क्रिएटर्स और सोशल मीडिया एक्सप्रेशन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें यूजर्स को यह देखने की सुविधा मिलेगी कि कितने लोगों ने उनकी स्टोरी दोबारा देखी।

इसके अलावा कई नए फीचर्स भी दिए जाएंगे।
अलग-अलग फ्रेंड लिस्ट बनाने की सुविधा
अभी तक इंस्टाग्राम में केवल एक “क्लोज फ्रेंड्स” लिस्ट बनाई जा सकती है, लेकिन नए प्लस वर्जन में यूजर्स अपनी जरूरत के अनुसार कई अलग-अलग लिस्ट बना सकेंगे। इससे वे तय कर पाएंगे कि कौन-सी फोटो, वीडियो या स्टोरी किस ग्रुप को दिखानी है।
24 घंटे बाद भी नहीं हटेगी स्टोरी
अब यूजर्स अपनी स्टोरी को 24 घंटे के बाद भी प्रोफाइल पर बनाए रख सकेंगे। साथ ही सप्ताह में एक बार किसी स्टोरी को “स्पॉटलाइट” करने का विकल्प मिलेगा, जिससे उसे ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा।
चोरी-छिपे देख सकेंगे स्टोरी
सबसे चर्चित फीचर में से एक यह है कि यूजर किसी की स्टोरी देख सकेंगे और सामने वाले को इसका पता नहीं चलेगा। उनका नाम व्यूअर लिस्ट में दिखाई नहीं देगा।
इसके अलावा यूजर्स अपनी स्टोरी देखने वालों के नाम सर्च भी कर सकेंगे।
बिना नोटिफिकेशन प्रोफाइल अपडेट
अब कोई भी फोटो या वीडियो सीधे प्रोफाइल या हाइलाइट्स में सेव की जा सकेगी, बिना दोस्तों के होम फीड में नोटिफिकेशन भेजे।
प्रोफाइल कस्टमाइजेशन के नए तरीके
प्लस वर्जन में नए फॉन्ट्स, सुपर हार्ट रिएक्शन और मनपसंद ऐप आइकॉन जैसे विजुअल फीचर्स भी मिलेंगे, जिससे प्रोफाइल को ज्यादा आकर्षक बनाया जा सकेगा।
WhatsApp Plus में क्या मिलेगा?
WhatsApp का प्लस वर्जन पूरी तरह पर्सनलाइजेशन और मैसेजिंग एक्सपीरियंस पर केंद्रित होगा।
इसमें यूजर्स को:
- एप थीम बदलने का विकल्प
- कस्टम रिंगटोन
- ज्यादा पिन चैट्स
- चैट लिस्ट कस्टमाइजेशन
- प्रीमियम स्टिकर्स
जैसे फीचर्स मिलेंगे।
Meta AI के लिए भी आएंगे पेड प्लान
मेटा अपने एआई प्लेटफॉर्म के लिए भी दो नए प्लान टेस्ट कर रही है।
मेटा वन प्लस
- कीमत: 7.99 डॉलर प्रति महीना (करीब ₹770)
मेटा वन प्रीमियम
- कीमत: 19.99 डॉलर प्रति महीना (करीब ₹1900)
दोनों प्लान्स में समान फीचर्स होंगे, लेकिन प्रीमियम प्लान में डीपर रीजनिंग, हाई कंप्यूट क्वेरीज और बेहतर वीडियो-इमेज जनरेशन जैसी एडवांस सुविधाएं मिलेंगी।
हालांकि सामान्य यूजर्स के लिए मेटा एआई मुफ्त रहेगा।
क्रिएटर्स और बिजनेस के लिए एडवांस प्लान
मेटा ने कंटेंट क्रिएटर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए भी नए सब्सक्रिप्शन प्लान पेश किए हैं।
Meta One Essential
- कीमत: 14.99 डॉलर प्रति महीना (करीब ₹1450)
इसमें मिलेगा:
- वेरिफाइड बैज
- फर्जी अकाउंट से सुरक्षा
- एन्हांस्ड लिंकशीट
Meta One Advance
- कीमत: 49.99 डॉलर प्रति महीना (करीब ₹4800)
इस प्लान में:
- फेसबुक फीड में ज्यादा विजिबिलिटी
- सर्च रिजल्ट में ऊपर दिखना
- रील्स पर बोल्ड “फॉलो” बटन
- ऑटोमैटिक फॉलो इनविटेशन
जैसे फीचर्स शामिल होंगे।
इसके अलावा बिजनेस यूजर्स को एनालिटिक्स टूल्स, ऑप्टिमाइज्ड शेड्यूलिंग और मल्टी-मॉडरेटर एक्सेस जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
क्यों बदल रहा है सोशल मीडिया का मॉडल?
कई सालों तक फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सएप पूरी तरह मुफ्त रहे क्योंकि कंपनियां विज्ञापन और यूजर डेटा से अरबों डॉलर कमाती थीं।
लेकिन अब दुनिया भर में इन प्लेटफॉर्म्स के नए यूजर्स की संख्या धीमी पड़ रही है। साथ ही डेटा प्राइवेसी नियम सख्त होने से विज्ञापन से होने वाली कमाई पर भी असर पड़ा है।
इसी वजह से मेटा अब एलन मस्क के X की तरह सीधे यूजर्स से सब्सक्रिप्शन फीस लेकर नया बिजनेस मॉडल मजबूत करने की कोशिश कर रही है।