कलेक्टर श्री संदीप जी. आर. के मार्गदर्शन और निर्देशन में सागर जिले में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से “युवा संगम” कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य रोजगार मेला आयोजित किया गया। यह आयोजन रोजगार कार्यालय सागर, संभागीय आई.टी.आई. सागर तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सागर के संयुक्त तत्वावधान में आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज सागर में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से 724 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें से 494 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन विभिन्न राष्ट्रीय और स्थानीय कंपनियों द्वारा किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उद्योग जगत से जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर स्किल विजन, आदित्य बिरला कैपिटल, शिवशक्ति एग्रीटेक प्रा. लि., ग्रेट ऑर्गेनिक डायमंड प्रा. लि., माय लाइफस्टाइल मार्केटिंग ग्लोबल प्रा. लि., पुखराज हेल्थकेयर जबलपुर, टी.एस.पी.एल. ग्रुप पुणे, पेटीएम, एल एंड कंस्ट्रक्शन, एलआईसी मकरोनिया सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए और योग्यता अनुसार ऑफर लेटर प्रदान किए। कई युवाओं ने पहली बार सीधे कॉर्पोरेट सेक्टर से जुड़ने का अनुभव प्राप्त किया, जिससे उनके आत्मविश्वास और कैरियर संभावनाओं में वृद्धि हुई।

कार्यक्रम के दौरान स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 11 लाभार्थियों को ₹44 लाख 60 हजार का ऋण स्वीकृति लाभ प्रदान किया गया। इससे जिले के युवाओं को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की दिशा में प्रेरणा और आर्थिक सहयोग मिला।
सभी प्रतिभागियों को इस अवसर पर “नशा मुक्ति की शपथ” दिलाई गई, ताकि वे स्वस्थ और उत्पादक जीवन शैली अपनाएँ। साथ ही हेल्थ एंड वेलनेस सत्र में विशेषज्ञों द्वारा युवाओं की काउंसलिंग की गई, जिसमें उन्हें मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और साक्षात्कार कौशलों की जानकारी दी गई।

इस मेले को सफल बनाने में जिला रोजगार अधिकारी श्रीमती अंगूरी ठाकुर, संभागीय आईटीआई प्राचार्य श्री अमरनाथ साकेत, प्लेसमेंट अधिकारी परमानंद सेन, उद्यमिता अधिकारी श्री नितिन खरे, श्रीमती प्रियंका सिंह चौहान, श्री महेश पाल, श्री सुनील सेन, श्री राम यादव और श्री महेश सहित अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा।
कार्यक्रम के समापन सत्र में जिला रोजगार अधिकारी और कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा सभी चयनित अभ्यर्थियों को औपचारिक रूप से ऑफर लेटर प्रदान किए गए। उपस्थित युवाओं ने कहा कि इस तरह के रोजगार मेले आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में प्रेरक कदम हैं और ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलता है।