सागर संभाग के कमिश्नर श्री अनिल सुचारी की अध्यक्षता में 14 अक्टूबर को निवाड़ी स्थित ओरछा वन्यजीव अभ्यारण्य के ईको-सेंसिटिव जोन के ड्राफ्ट जोनल मास्टर प्लान (स्टेज-3) की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस मास्टर प्लान का निर्माण मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा अधिकृत मेसर्स सांई कंसल्टेंसी इंजी. प्रा. लि. द्वारा किया गया है।

बैठक में मुख्य वन संरक्षक छतरपुर, कलेक्टर जिला टीकमगढ़/निवाड़ी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत टीकमगढ़/निवाड़ी, आयुक्त नगर पालिक निगम सागर, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन विभाग, संयुक्त संचालक नगर एवं ग्राम निवेश, अधीक्षण यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी टीकमगढ़, प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी निवाड़ी, उपायुक्त, आदि जाति कल्याण विभाग निवाड़ी, वार्डन वन्यजीव अभ्यारण ओरछा, प्राध्यापक ईकोलॉजी शास. क. उ. महाविद्यालय डॉ. सुनीता सिंह एवं असिस्टेंट वाईस प्रेसीडेंट साई कंसल्टेंसी अहमदाबाद उपस्थित रहेंगे।
बैठक का उद्देश्य ड्राफ्ट मास्टर प्लान की समीक्षा कर योजना के अंतिम रूप पर सुझाव लेना और आवश्यक सुधारों पर निर्णय करना है। यह मास्टर प्लान ओरछा वन्यजीव अभ्यारण्य के ईको-सेंसिटिव जोन के संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन और पर्यटन विकास के लिए रणनीतिक दिशा तय करेगा। योजना में क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, पर्यावरणीय शिक्षा और स्थायी पर्यटन के लिए विशेष दिशा-निर्देश शामिल हैं।
कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा जताई है कि वे इस बैठक में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और वन्यजीव अभ्यारण्य के संरक्षण एवं विकास के लिए ठोस निर्णय लें। इस समीक्षा बैठक के बाद मास्टर प्लान को अंतिम रूप देकर अधिकारियों और संबंधित विभागों को क्रियान्वयन के लिए निर्देशित किया जाएगा।
इस बैठक में शामिल विशेषज्ञ और अधिकारी क्षेत्र के भौगोलिक, जैविक, सामाजिक और पर्यावरणीय पहलुओं का समग्र मूल्यांकन करेंगे, ताकि योजना न केवल वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करे बल्कि स्थानीय समुदायों के विकास और पर्यटन गतिविधियों में संतुलन भी बना सके।