राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं ने बढ़ाई तपिश: सागर का पारा 43 डिग्री पार, आज लू चलने की चेतावनी !

Spread the love

सागर।
सागर जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राजस्थान की ओर से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं ने पूरे वातावरण को तपती भट्टी में बदल दिया है। शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। हालात यह रहे कि सुबह 8:30 बजे के बाद ही सड़कों पर गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा और दिन चढ़ने के साथ धूप झुलसाने लगी।

मौसम विभाग के अनुसार इस समय सागर का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस रहा। लगातार बढ़ती गर्मी और हवा में मौजूद गर्माहट के कारण लोगों को दिन ही नहीं बल्कि रात में भी राहत नहीं मिल रही है।

दोपहर में बाजारों में पसरा सन्नाटा

दोपहर के समय गर्म हवाओं और तेज धूप का असर इतना अधिक रहा कि शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। तेज धूप के कारण राहगीर सिर और चेहरा ढंककर निकलते नजर आए।

विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान में सक्रिय ट्रफ लाइन और पश्चिमी क्षेत्र से आने वाली गर्म हवाएं मिलकर तापमान को लगातार बढ़ा रही हैं। यही कारण है कि बादलों की हल्की मौजूदगी के बावजूद गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही।

आज लू चलने की संभावना

मौसम विभाग ने शुक्रवार को जिले में लू चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाएं अगले कुछ दिनों तक असर बनाए रखेंगी, जिससे दिन और रात दोनों का तापमान बढ़ सकता है। अनुमान है कि न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

अप्रैल से ही दिखने लगे गर्मी के तेवर

सागर में इस बार अप्रैल माह के बाद से ही गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। मई की शुरुआत में जिले का तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है।

हालांकि बीच में मौसम में हल्का बदलाव आया और तापमान में मामूली गिरावट दर्ज हुई, लेकिन लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। सुबह 9 बजे के बाद ही तेज धूप का असर शुरू हो जाता है और दोपहर तक गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं।

मौसम विभाग की एडवाइजरी जारी

भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। लोगों से पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की गई है।

विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। लगातार धूप में रहने से हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *