राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने सागर में उड़ान योजना की शुरुआत की !

Spread the love

प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने सागर प्रवास के दौरान कलेक्टर श्री संदीप जी आर द्वारा प्रारंभ की गई अभिनव “उड़ान योजना” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कलेक्टर से योजना की संपूर्ण जानकारी प्राप्त की और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने बताया कि उड़ान योजना का उद्देश्य जिले के अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत विद्यार्थियों को डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक सेवा एवं अन्य उच्च पदों की परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग, पुस्तकें, नोट्स, कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक शनिवार और रविवार को जिले के वरिष्ठ अधिकारी, डॉक्टर और इंजीनियर विद्यार्थियों को एक-एक घंटे का विशेष मार्गदर्शन देते हैं, जिससे छात्र व्यावहारिक अनुभव और परीक्षा रणनीति सीख रहे हैं। योजना से विद्यार्थी अत्यंत उत्साहित हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की दिशा में गंभीरता से अध्ययन कर रहे हैं।

राज्यपाल श्री पटेल ने उड़ान योजना की सराहना करते हुए कहा कि “यह पहल विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगी और ग्रामीण व वंचित वर्ग के बच्चों को ऊंचाइयों तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध होगी।”

इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री गोपाल भार्गव, विधायक श्री ब्रजबिहारी पटैरिया, विधायक श्री वीरेंद्र सिंह लोधी, जिला अध्यक्ष श्रीमती रानी कुशवाहा, डीआईजी श्री सचिंद्रनाथ चौहान, कलेक्टर श्री संदीप जी आर, एसपी श्री विकास शाहवाल, डीएफओ श्री वरुण यादव, डीएफओ श्री ए.के. अंसारी, जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक के वी सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *