सागर। खुरई देहात थाना क्षेत्र के मूढ़री गांव के पास रविवार रात एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। रास्ते में चार पहिया वाहन खड़ा कर शराब पी रहे युवकों से वाहन हटाने की बात कहना एक बाइक सवार युवक को भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई और आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सागर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार मूढ़री गांव निवासी 19 वर्षीय यशराज ठाकुर, पिता हरनाम सिंह ठाकुर, रविवार रात खुरई से अपने गांव लौट रहा था। बताया जा रहा है कि जब वह मुकारमपुर और मूढ़री गांव के बीच पहुंचा, तब रास्ते में बोलेरो वाहन खड़ा कर गांव के ही मूलचंद उर्फ टुट्टा धानक और ब्रिजेश अहिरवार शराब पी रहे थे। वाहन सड़क पर इस तरह खड़ा था कि रास्ता अवरुद्ध हो गया था।
यशराज ने अपनी बाइक निकालने के लिए आरोपियों से बोलेरो वाहन साइड में लगाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी शराब के नशे में थे और वाहन हटाने की बात पर भड़क गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ता गया और गाली-गलौज के बाद मारपीट की स्थिति बन गई।

आरोप है कि इसी दौरान मूलचंद उर्फ टुट्टा धानक ने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और यशराज पर हमला कर दिया। युवक ने खुद को बचाने के लिए हाथ से चाकू पकड़ने की कोशिश की, लेकिन हमला इतना तेज था कि चाकू उसके पेट में जा लगा। पेट में गंभीर चोट लगते ही युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। घायल युवक के ममेरे भाई दीपक ने मौके पर पहुंचकर उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। खुरई अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि युवक के पेट में गहरी चोट आई है और उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
खुरई देहात थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि अस्पताल से मेमो मिलने के बाद घायल युवक के बयान दर्ज किए जाएंगे। बयान और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब के नशे में आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना ने एक बार फिर शराब के नशे में बढ़ते अपराधों और ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घायल युवक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।