रुद्राक्ष धाम में 18 जोड़ों का सामूहिक विवाह !

Spread the love

रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में क्षत्रिय महासभा जिला सागर द्वारा आयोजित कन्या विवाह समारोह-2026 एक भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन के रूप में संपन्न हुआ। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर आयोजित इस समारोह में कुल 18 जोड़ों का विधिवत विवाह संपन्न कराया गया। पूरे आयोजन स्थल को पारंपरिक रीति-रिवाजों, सांस्कृतिक परंपराओं और आधुनिक व्यवस्थाओं के समन्वय से भव्य स्वरूप प्रदान किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में सामूहिक विवाह को समय की आवश्यकता और विवेकपूर्ण समाज की पहचान बताया। उन्होंने कहा कि कन्या घर की लक्ष्मी होती है और कन्यादान को शास्त्रों में महादान एवं अत्यंत पुण्यकारी कर्म माना गया है। उन्होंने अक्षय तृतीया के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे सत्कर्म, दान और पुण्य का अक्षय फल देने वाला पर्व बताया।

इस अवसर पर प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को क्षत्रिय महासभा की ओर से 1 लाख 1 हजार रुपये की नगद राशि तथा आवश्यक घरेलू सामग्री भेंट स्वरूप प्रदान की गई। साथ ही अनेक समाजजनों एवं सहयोगकर्ताओं द्वारा कूलर, डिनर सेट, साड़ियाँ एवं अन्य उपयोगी वस्तुएं भी उपहार में दी गईं। आयोजन में लगभग 40 लाख रुपये की सहयोग राशि एकत्रित हुई, जिसका उपयोग कन्याओं के विवाह एवं व्यवस्थाओं में किया गया।

कार्यक्रम में बारातों का स्वागत पारंपरिक ढोल-नगाड़ों, घोड़े, घुड़बग्घी, डीजे और आतिशबाजी के साथ किया गया। प्रत्येक जोड़े के लिए अलग-अलग विवाह मंडप बनाए गए थे, जिन पर उनके नाम अंकित किए गए थे। संपूर्ण आयोजन में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों का पालन करते हुए द्वारचार, पांव पखराई, वरमाला एवं अन्य संस्कार संपन्न कराए गए।

महिला विंग की अध्यक्ष श्रीमती प्रीति सिंह एवं उनकी टीम ने वधुओं के श्रृंगार एवं वरमाला कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभाली। मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई थी। भोजन, स्वल्पाहार, आवास एवं विदाई सामग्री सहित सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की गईं।

पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने घोषणा की कि अगले वर्ष अक्षय तृतीया पर क्षत्रिय महासभा द्वारा 101 कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह और अधिक भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह समाज को आर्थिक बोझ से मुक्त करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।

आयोजन समिति द्वारा सहयोग करने वाले सभी व्यक्तियों का मंच से सम्मान किया गया तथा उनकी सूची पुस्तिका के रूप में वितरित की गई। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक सिंह गौर एवं राहुल सिंह चौरा ने किया। इस भव्य आयोजन में हजारों की संख्या में समाजजन उपस्थित रहे और सभी ने इस पहल की सराहना की।

यह सामूहिक विवाह समारोह न केवल सामाजिक एकता और सहयोग का प्रतीक बना, बल्कि पारंपरिक मूल्यों और आधुनिक व्यवस्थाओं के संगम का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *