रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस में बड़ी कार्रवाई, हथियार सप्लायर गिरफ्तार, कुल 5 आरोपी हिरासत में !

Spread the love

मुंबई।
फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना में मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच तेज कर दी है। इस मामले में एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अब तक इस केस में कुल 5 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। हालांकि, रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करने वाला मुख्य शूटर अब भी फरार है।

हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने जिस आरोपी को ताजा कार्रवाई में गिरफ्तार किया है, उस पर आरोप है कि फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार की सप्लाई उसी ने की थी। पुलिस आरोपी को आज मुंबई के किला कोर्ट में पेश करेगी और उसकी पुलिस कस्टडी की मांग करेगी।

इससे पहले इस मामले में चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनकी पुलिस हिरासत की अवधि आज समाप्त हो रही है।


जुहू स्थित घर के बाहर देर रात फायरिंग

रोहित शेट्टी का घर मुंबई के जुहू इलाके में स्थित एक नौ मंजिला इमारत में है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 12:45 बजे इमारत की पहली मंजिल को निशाना बनाकर फायरिंग की गई थी।
हमलावरों ने कम से कम पांच राउंड गोलियां चलाई थीं, जिनमें से एक गोली इमारत में बने जिम के शीशे से टकराई थी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।


पुणे के रहने वाले हैं चार गिरफ्तार आरोपी

इस केस में 2 फरवरी को जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, उनकी पहचान हो चुकी है। सभी आरोपी पुणे के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं—

  • आदित्य ज्ञानेश्वर गायकवाड़ (19 वर्ष)
  • सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (20 वर्ष)
  • समर्थ शिवशरण पोमाजी (18 वर्ष)
  • स्वप्निल बंडू सकट (23 वर्ष)

इन सभी के खिलाफ धारा 109 और 61(2) के साथ शस्त्र अधिनियम की धारा 3 और 25, तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 37(1), 37(2) और 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट ने इन्हें 5 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा था।


साजिश रचने और वाहन उपलब्ध कराने का आरोप

शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका घटना को अंजाम देने के लिए वाहन उपलब्ध कराने और साजिश रचने तक सीमित नहीं थी, बल्कि उन्होंने मुख्य आरोपी को हर संभव मदद दी।

पुलिस के अनुसार, शुभम लोंकर को इस केस में वांटेड घोषित किया गया है और उसकी तलाश जारी है। जांच में यह भी सामने आया है कि सभी आरोपी शुभम लोंकर के संपर्क में थे और उसी के निर्देश पर मुख्य शूटर को सहयोग कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि समर्थ शिवशरण पोमाजी ने शुभम लोंकर के साथ मिलकर पूरी साजिश रची। वहीं आदित्य ज्ञानेश्वर गायकवाड़ की सलाह पर होंडा डियो स्कूटर (MH 12 FN 2205) समेत अन्य संसाधनों की व्यवस्था की गई, जिससे हमलावर आसानी से वारदात को अंजाम दे सके।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि शुभम लोंकर से मिली आर्थिक सहायता के जरिए ही मुख्य आरोपी के लिए वाहन की व्यवस्था की गई थी।


लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी!

इस बीच, इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट में एक फेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट सामने आया है, जिसमें दावा किया गया है कि इस फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। यह पोस्ट शुभम लोंकर आरजू बिश्नोई नाम के अकाउंट से की गई बताई जा रही है।

पोस्ट में लिखा गया था—
“मुंबई में शेट्टी टावर में फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी शुभम लोंकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर और हरमन संधू लेते हैं। हमने कई बार समझाया कि हमारे काम में दखल न दे, लेकिन नहीं माना। ये सिर्फ ट्रेलर है। अगली बार गोली घर के बाहर नहीं, बेडरूम में, सीधा छाती पर लगेगी।”

पोस्ट में आगे बॉलीवुड को भी चेतावनी देते हुए लिखा गया कि अगर समय रहते नहीं सुधरे, तो हाल बाबा सिद्दीकी से भी बुरा किया जाएगा।


पुलिस हाई अलर्ट पर, जांच जारी

फिलहाल इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मुख्य आरोपी और वांटेड शुभम लोंकर की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। रोहित शेट्टी की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस केस में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *