मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लाड़ली बहना योजना की 33वीं किस्त का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज खंडवा जिले के खंडवा अंतर्गत पंधाना से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 1800 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर करेंगे।
इसको लेकर जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पंधाना में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जहां से मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश की महिलाओं को संबोधित करेंगे और योजना की राशि का वितरण करेंगे।
600 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री अपने पंधाना दौरे के दौरान केवल योजना की राशि ही जारी नहीं करेंगे, बल्कि क्षेत्र को 600 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा।

पंधाना विधायक छाया मोरे ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 फरवरी को मुख्यमंत्री पंधाना आ रहे हैं। यह कार्यक्रम राज्य स्तरीय होगा और यहीं से लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विकास के लिए यह ऐतिहासिक दिन होगा।
इन परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 301.41 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित भाम सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होने की उम्मीद है।
इसके साथ ही 37 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय पंधाना का भी लोकार्पण किया जाएगा। यह विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएगा।
वहीं 11.06 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले संयुक्त एसडीएम कार्यालय भवन पंधाना का भी लोकार्पण किया जाएगा, जिससे प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी और आमजन को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
बस स्टैंड और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन
इसके अलावा मुख्यमंत्री 2.90 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले पंधाना बस स्टैंड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और रैन बसेरा के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में यातायात सुविधा मजबूत होगी और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
लाड़ली बहना योजना के तहत हर माह मिलने वाली आर्थिक सहायता से प्रदेश की करोड़ों महिलाओं को राहत मिल रही है। 33वीं किस्त के जारी होने से महिलाओं को फरवरी माह में आर्थिक संबल मिलेगा।
पंधाना में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि क्षेत्र के विकास की दृष्टि से भी ऐतिहासिक माना जा रहा है। मुख्यमंत्री का यह दौरा सामाजिक और विकासात्मक दोनों ही दृष्टियों से अहम साबित होगा।