लुधियाना। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मनरेगा (MGNREGA) को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मनरेगा गरीबों के घर का चूल्हा जलाता है और गांवों के विकास की बुनियाद है। कांग्रेस अब पूरे देश में मनरेगा की लड़ाई लड़ेगी।

वड़िंग ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा योजना का नाम बदलकर VB-G RAM G कर रही है और इसमें महात्मा गांधी का नाम हटा दिया गया है, जो उनकी विरासत का अपमान है। उन्होंने कहा कि योजना का मूल उद्देश्य कमजोर कर दिया गया है और अधिकांश मजदूरों को 100 दिन का रोजगार नहीं मिल रहा। बेरोजगारी भत्ते का अधिकार भी खत्म कर दिया गया है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर ग्रामसभा की शक्तियां कम करने और राज्य-राज्य फंड हिस्सेदारी 60:40 करने का आरोप लगाया, जिससे राज्यों पर वित्तीय बोझ बढ़ सकता है और गरीबों को लाभ नहीं मिलेगा।

वड़िंग ने बताया कि पंजाब में मनरेगा के तहत केवल 42% लोगों को काम मिला और केवल 1% लोगों को 100 दिन का रोजगार मिला। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों की नाकामी पर ध्यान दिलाते हुए कहा कि बासमती का 10 हजार करोड़ MSP और मनरेगा का 10 हजार करोड़ राज्य के नाकारेपन के कारण पंजाब की अर्थव्यवस्था में नहीं आया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि पार्टी अब AAP और बीजेपी नेताओं के घर प्रदर्शन करेगी और 8 जनवरी से गुरदासपुर से मनरेगा के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा मंदिर और धर्म का नाम राजनीति में प्रयोग कर रही है और गरीबों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ कर रही है।