लोकतंत्र को बार-बार होने वाले चुनाव और राजनैतिक अस्थिरता की बेड़ियों से मुक्त करने का समय आ गया है: श्याम तिवारी !

Spread the love

सागर।
भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में चल रहे “एक राष्ट्र – एक चुनाव (One Nation, One Election)” अभियान को गति देने के लिए अब युवाओं और छात्रों के माध्यम से जनजागरण की नई पहल शुरू की है। इसी क्रम में शनिवार को सागर में “स्टूडेंट्स फॉर वन नेशन वन इलेक्शन” की जिला टोली की बैठक आयोजित की गई, जिसमें भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में उपस्थित युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि अब समय आ गया है जब लोकतंत्र को बार-बार होने वाले चुनावों, अनावश्यक खर्च और राजनीतिक अस्थिरता की बेड़ियों से मुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि “एक देश, एक चुनाव” न केवल आर्थिक दृष्टि से आवश्यक है, बल्कि यह शासन की निरंतरता, स्थिरता और विकास की गति बनाए रखने के लिए भी समय की मांग है।

श्याम तिवारी ने कहा —

“लोकतंत्र में बार-बार चुनाव कराने से जहां सरकारी खजाने पर भारी बोझ पड़ता है, वहीं नीतियों की निरंतरता भी प्रभावित होती है। आर्थिक नीतियों में स्थिरता, व्यापार और रोजगार के विस्तार के लिए अब एक राष्ट्र-एक चुनाव की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। हमें जनता के बीच जाकर लोकमत तैयार करना होगा ताकि भारत को विकसित और वैभवशाली राष्ट्र बनाने की इस मुहिम में हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो।”

बैठक में जिला प्रभारी भूपेन्द्र राय और जिला संयोजक शुभम सोनी ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि यह अभियान केवल चुनावी सुधार नहीं, बल्कि लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

आगामी कार्यक्रम की घोषणा:
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि “स्टूडेंट्स फॉर वन नेशन वन इलेक्शन” अभियान के अंतर्गत आगामी कार्यक्रम 27 अक्टूबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन की जिम्मेदारी भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री राहुल नामदेव को सौंपी गई है।

बैठक में उपस्थित प्रमुख कार्यकर्ता:
बैठक में मनीष चौबे, शालीन सिंह, अंशुल परिहार, नितिन सोनी, राम रिछारिया, सुप्रियो राय, रोशन रजक, शशांक भार्गव, साकेत चौरसिया, नीरज लोधी सहित जिले की सभी तहसीलों के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यह बैठक भाजपा के उस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा है जिसके तहत पार्टी देशभर में युवाओं और विद्यार्थियों को “एक राष्ट्र, एक चुनाव” की अवधारणा से जोड़कर लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने का लक्ष्य रखती है।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *