विद्यालय परिसर में शराब पीते मिले प्राचार्य और पीटीआई शिक्षक !

Spread the love

शिक्षा प्रणाली की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाली एक गंभीर घटना सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। सागर संभाग के कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने गढौलाजागीर स्थित शासकीय उत्कृष्ट उमावि खुरई में शराब पीते पाए गए प्राचार्य आर.पी. नामदेव और पी.टी.आई. शिक्षक संदीप सिंह ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने कमिश्नर कार्यालय को अवगत कराया था कि विद्यालय के भीतर शराब पिए जाने की तस्वीरें दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित हुई थीं, जिनमें स्पष्ट रूप से प्राचार्य और पीटीआई शिक्षक शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे थे। यह कृत्य न केवल शिक्षण अनुशासन के विरुद्ध है बल्कि विद्यालय की मर्यादा, विद्यार्थियों पर प्रभाव और सरकारी सेवाओं की आचार संहिता का भी गंभीर उल्लंघन है।

कलेक्टर से प्राप्त प्रस्ताव और दस्तावेजों के अवलोकन व परिशीलन के बाद संभागीय कमिश्नर ने दोनों शिक्षकों के विरुद्ध निलंबन आदेश जारी किया। निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारी मुख्यालय से अनुपस्थित नहीं रह सकेंगे तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

इस कार्रवाई से विभाग में कड़ा संदेश गया है कि शिक्षा संस्थानों में अनुशासनहीनता और कर्तव्यच्युत आचरण को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली किसी भी गतिविधि पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *