सागर। महर्षि सांदीपनि विद्यालय शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई क्रमांक 01 में विश्व पेपर बैग दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की जूनियर गर्ल्स कैडेट्स यूनिट 7 एम.पी. गर्ल्स बटालियन की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर कैडेट्स द्वारा पोस्टर, भाषण और स्लोगन के माध्यम से प्लास्टिक और पॉलिथीन के उपयोग से होने वाले दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला गया तथा पर्यावरण हितैषी विकल्पों को अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। बच्चों को बताया गया कि प्लास्टिक प्रदूषण न केवल धरती बल्कि जीव-जंतुओं के जीवन के लिए भी घातक है। इसके स्थान पर पेपर बैग, कपड़े की थैलियों आदि का उपयोग जरूरी है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री विनय कुमार दुबे, उप प्राचार्य डॉ. वंदना खरे, प्रधानाध्यापक श्री पी.के. पांडे, शिक्षिका श्रीमती निर्मला उदैनिया, श्री सुखराम पटैरिया, श्रीमती आरती गौतम सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। एनसीसी प्रभारी फर्स्ट ऑफिसर स्मिता मिश्रा ने कैडेट्स को पर्यावरण संरक्षण एवं जिम्मेदार नागरिक बनने हेतु प्रेरित किया।