सतारा में एटीएम तोड़कर भागे आरोपी पीथमपुर में गिरफ्तार !

Spread the love

पीथमपुर पुलिस ने महाराष्ट्र के सतारा जिले में एटीएम तोड़कर नकदी उड़ाने वाले तीन आरोपियों को मध्य प्रदेश की सीमा में घुसते ही पकड़ लिया। आरोपियों से 11 लाख 99 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार, डुप्लीकेट नंबर प्लेट, औज़ार और अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस को शक है कि इनका संबंध हरियाणा और राजस्थान की किसी संगठित गैंग से हो सकता है।


सतारा पुलिस से सूचना मिलते ही धार में अलर्ट

5 और 6 दिसंबर की दरमियानी रात सतारा तालुका, महाराष्ट्र में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को तोड़कर तीन आरोपी भारी नकदी लेकर फरार हो गए।
शनिवार सुबह सतारा पुलिस ने तत्काल यह सूचना धार पुलिस को भेजी कि संदिग्ध आरोपी मध्य प्रदेश की ओर भागे हैं

धार पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और पारुल बेलापुरकर ने पूरे जिले में नाकाबंदी के निर्देश दिए।

नगर पुलिस अधीक्षक रवि सोनेर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने एक विशेष टीम बनाई और पीथमपुर के जीरो पॉइंट घाटा-बिल्लौद पर नाकाबंदी शुरू करवाई।


क्रेटा कार को बैरिकेड लगाकर रोका

कुछ देर बाद सूचना के अनुरूप क्रेटा कार (DL 8CAT 1380) नाकाबंदी प्वाइंट पर आती दिखाई दी।
टीम ने तत्परता दिखाते हुए बैरिकेड्स लगाकर कार को रोका और तीनों व्यक्तियों को पकड़ लिया।


तीन आरोपी गिरफ्तार – हरियाणा और राजस्थान के रहने वाले

कार में सवार संदिग्धों की पहचान इस प्रकार हुई—

  • सलीम, 25 वर्ष, निवासी दौरखी, नूंह–मेवात, हरियाणा
  • हसमदीन, 54 वर्ष, निवासी मलार, फलोदी, जोधपुर, राजस्थान
  • राहुल, 30 वर्ष, निवासी बजीदपुर, नूंह–मेवात, हरियाणा

पूछताछ में पता चला कि यही तीनों सतारा के एसबीआई एटीएम को तोड़कर नकदी लेकर भागे थे


भारी बरामदगी – नकदी, औज़ार और डुप्लीकेट दस्तावेज

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद किया—

  • ₹11,99,000 नकद
  • वारदात में उपयोग की गई क्रेटा कार (DL 8CAT 1380)
  • स्क्रूड्राइवर, कटर सहित एटीएम तोड़ने के उपकरण
  • डुप्लीकेट नंबर प्लेट
  • डुप्लीकेट RC बुक
  • कपड़े व मोबाइल फोन

पीथमपुर पुलिस ने सभी आरोपियों को सतारा तालुका पुलिस को सौंप दिया है।
महाराष्ट्र पुलिस ने उन्हें धार न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *