सफाई कामगारों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की बैठक !

Spread the love

मध्यप्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया ने आज सागर कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित बैठक में सफाई कामगारों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि अंशकालीन सफाई कर्मियों के पीएफ की राशि की कटौती अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि उन्हें भी आर्थिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।

श्री करोसिया ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर, रविदास एवं वाल्मीकि योजनाओं के अंतर्गत योग्य व्यक्तियों का चयन कर उन्हें पुरस्कार से सम्मानित किया जाए।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन श्री राजीव श्रीवास्तव, परियोजना अधिकारी श्री सचिन मसीह, समस्त नगरीय निकायों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अन्य विभागों के अधिकारी एवं सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अध्यक्ष करोसिया ने निर्देश दिए कि सीवर सफाई जैसे जोखिमपूर्ण कार्य पूर्ण सुरक्षा उपकरणों के साथ ही कराए जाएं। साथ ही ठेका प्रथा समाप्त कर नियमित सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने मृत कर्मचारियों के परिजनों को शीघ्र अनुकंपा नियुक्ति देने और सभी सफाई कामगारों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने आगे कहा कि सफाई कर्मचारियों के लिए शहर में एक बड़े एवं अत्याधुनिक सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई कर्मियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि लोन मेले आयोजित कर पिछड़े वर्ग के लोगों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जाएं।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अनुसूचित जाति जनजाति वर्ग के छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन पुरस्कार दिए जाएं, उनके छात्रावासों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा नियमित निरीक्षण किया जाए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता तिमोरे, श्रम अधिकारी श्रीमती ज्योति पांडे, नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी श्री राजेश सिंह राजपूत, कैंट स्वास्थ्य अधिकारी श्री संदीप छाबड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *