सागर के जैसीनगर में आग का कहर: कच्चा मकान जलकर खाक, गृहस्थी का सामान राख, तीन घंटे बाद पाया गया काबू !

Spread the love

सागर जिले के जैसीनगर में सेंट्रल बैंक के सामने स्थित एक कच्चे मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग और धुएं की ऊंची लपटें देख आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

रात में सोते समय लगी आग

जानकारी के अनुसार, जैसीनगर में सेंट्रल बैंक के सामने गोपाल प्रजापति का कच्चा मकान है। रविवार रात वे रोजाना की तरह खाना खाकर सो गए थे।

इसी दौरान देर रात अचानक मकान में आग लग गई। कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं।

ग्रामीणों ने भी की मदद, फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और लगातार प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

घर का सारा सामान जलकर राख

आगजनी में घर में रखा अनाज, वॉशिंग मशीन, पानी की मोटर समेत पूरा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।

पीड़ित गोपाल प्रजापति ने बताया कि पास में उनकी एक जूतों की दुकान भी थी, जिसे समय रहते खाली कर लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

उन्होंने कहा कि यदि आग समय पर नहीं बुझाई जाती तो पूरी दुकान भी चपेट में आ सकती थी।

प्रशासन ने बनाया नुकसानी का पंचनामा

सोमवार को पटवारी संदीप कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आगजनी से हुए नुकसान का पंचनामा तैयार किया।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।

प्रशासन का आश्वासन

तहसीलदार प्रेम नारायण सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को शासन के नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *