सागर के 6 वर्षीय भौतिक सिंह जाट ने रचा इतिहास, अंतरराष्ट्रीय शतरंज में हासिल की फाइड रेटिंग !

Spread the love

सागर | सागर जिले के लिए गर्व का क्षण है। जिले के मात्र 6 वर्षीय प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ी भौतिक सिंह जाट ने इतनी कम उम्र में वह उपलब्धि हासिल कर ली है, जो बड़े-बड़े शतरंज खिलाड़ियों का सपना होती है। भौतिक ने क्लासिकल शतरंज में 1420 फाइड रेटिंग और रैपिड शतरंज में 1451 फाइड रेटिंग प्राप्त कर न सिर्फ सागर जिले बल्कि मध्य प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाई प्रतिभा

भौतिक ने हाल ही में मदुरै (तमिलनाडु) में आयोजित 7 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ग्रैंडमास्टर शतरंज टूर्नामेंट में सहभागिता की। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में करीब 2500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें 15 से अधिक देशों के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल थे। प्रतियोगिता को A, B, C और D चार श्रेणियों में आयोजित किया गया था। इतनी कम उम्र में इस स्तर के टूर्नामेंट में खेलना अपने आप में एक असाधारण उपलब्धि मानी जा रही है।

कोचिंग और मार्गदर्शन का बड़ा योगदान

भौतिक की इस सफलता के पीछे जिला शतरंज संघ, सागर के सचिव श्री नितिन चौरसिया का विशेष योगदान रहा है। वे जिले के गांव-गांव और शहर-शहर में शतरंज को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं और उभरती प्रतिभाओं को निःशुल्क मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।

भौतिक वर्तमान में स्वदेश चेस अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जहां उन्हें कोच योगेश सर और राजा सर से उच्च स्तरीय, अनुशासित और तकनीकी प्रशिक्षण मिल रहा है। वे वात्सल्य स्कूल, सागर के छात्र हैं।

परिवार का मजबूत साथ

इस सफलता के पीछे भौतिक के माता-पिता श्री संदीप सिंह जाट एवं श्रीमती रचना जाट का अहम योगदान रहा है, जिन्होंने हर कदम पर बेटे का उत्साह बढ़ाया और उसके अभ्यास व प्रतियोगिताओं में पूरा सहयोग दिया। भौतिक की 3 वर्षीय छोटी बहन सिया जाट भी शतरंज खेलती हैं और उनके लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत बनी हुई हैं।

अनुशासन और मेहनत की मिसाल

भौतिक की दिनचर्या उनके समर्पण को दर्शाती है। वे प्रतिदिन 6 घंटे शतरंज अभ्यास करते हैं, जिसमें 4 घंटे कोचिंग और 2 घंटे स्व-अध्ययन शामिल है। वे रोज सुबह 5:30 बजे उठकर अभ्यास शुरू करते हैं, जो इतनी कम उम्र में अद्भुत अनुशासन का परिचायक है।

प्रशासनिक सहयोग भी सराहनीय

सागर जिले में शतरंज के विकास के लिए कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. द्वारा उठाए गए कदमों की भी सराहना की जा रही है। उनके प्रयासों से जिले की नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

भविष्य की तैयारी

भौतिक सिंह जाट अब अंडर-7 नेशनल चेस चैंपियनशिप 2026 में भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं। उम्मीद है कि वे वहां मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश और देश का नाम और भी ऊंचाइयों तक ले जाएंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *