सागर जिले में पंचायत उपचुनाव को लेकर निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों में जनपद सदस्य, सरपंच और पंच पदों के लिए उपचुनाव कराए जाएंगे।
जनपद पंचायत राहतगढ़ में निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-23 के अंतर्गत ग्राम रानीपुरा, बेरखेरा खुमान, सेमरा हॉट और देवरी में जनपद पंचायत सदस्य पद हेतु चुनाव होगा। वहीं जनपद पंचायत बंडा में निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-13 के तहत ग्राम छापरी, सिमरिया छापरी और पिपरिया चमारी में जनपद सदस्य पद के लिए मतदान कराया जाएगा।
सरपंच पद के लिए जनपद पंचायत बीना के ग्राम देवल, जनपद पंचायत खुरई के ग्राम पंचायत प्यासी तथा जनपद पंचायत देवरी के ग्राम पंचायत सुजानपुर में उपचुनाव होंगे।


इसके अलावा पंच पद हेतु जनपद पंचायत सागर के ग्राम पंचायत बम्होरी डूडर, जैसीनगर के ग्राम पंचायत हीरापुर, रहली के ग्राम पंचायत छुल्ला एवं बम्होरीगरय, देवरी के ग्राम पंचायत अनंतपुरा, केसली के ग्राम पंचायत चौका एवं बम्हनी, बंडा के ग्राम पंचायत पचनारी एवं नैनधरा, खुरई के ग्राम पंचायत मगरधा एवं विनायठा तथा बीना के ग्राम पंचायत हडकलजैन, पड़रिया और बरौदियाघाट में मतदान कराया जाएगा।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने की सभी तैयारियां की जा रही हैं। संबंधित ग्राम पंचायतों में आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी और निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन, मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।