सागर में प्रधानमंत्री योजनाओं का शुभारंभ और किसानों को प्रशिक्षण !

Spread the love

सागर, 11 अक्टूबर 2025: कृषि विज्ञान केंद्र सागर में जिला कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. के मार्गदर्शन में तथा प्रधान वैज्ञानिक डॉ. के एस यादव और उपसंचालक श्री राजेश त्रिपाठी के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री ने पीएम धन धान्य योजना, दलहन आत्मनिर्भर मिशन और 11 विभागों की 36 योजनाओं का सिंगल क्लिक के माध्यम से शुभारंभ किया, जिनकी कुल लागत 42,000 करोड़ रूपये है।

प्रधानमंत्री ने किसानों से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं को मिशन मोड में लागू कर अधिक से अधिक उत्पादन करें और देश को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दें। कार्यक्रम में किसान संघ के पदाधिकारी श्री शैलेंद्र सिंह, श्री रजनीश यादव और श्री बृजेश जी उपस्थित थे।

इस अवसर पर कुल 150 से अधिक कृषक एवं कृषि अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से ग्राम सेमरा डाट में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें 62 से अधिक किसानों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त, व्हाट्सएप लिंक के माध्यम से लगभग 100 किसानों ने कार्यक्रम का लाभ उठाया।

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ममता सिंह, डॉ. वैशाली शर्मा और श्री मयंक मेहरा ने प्राकृतिक खेती, मसूर, गेहूं, चना जैसी फसलों की वैज्ञानिक उत्पादन तकनीक, खाद और उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही किसानों को प्रदर्शन इकाईयों का भ्रमण कर तकनीकी ज्ञान से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से किसानों में नई तकनीक, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *