सागर। मकरोनिया नगर पालिका की कार्यप्रणाली के खिलाफ शिवसेना ने शुक्रवार शाम जोरदार प्रदर्शन किया। शिवसैनिक जिला पंचायत कार्यालय के पास एकत्रित हुए, जहां से पैदल रैली निकालते हुए नगरीय प्रशासन विभाग कार्यालय पहुंचे। रैली के दौरान शिवसैनिकों ने नगर पालिका और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान शिवसैनिकों ने नगरीय प्रशासन विभाग के जेडी (संयुक्त संचालक) की फोटो पर कालिख पोतकर रोष जताया। शिवसेना का आरोप है कि मकरोनिया नगर पालिका के इंजीनियरों द्वारा लगातार गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्य, भ्रष्टाचार, अवैध अतिक्रमण और कामर्शियल नक्शों में कमीशनखोरी की जा रही है।

बिना प्लानिंग हो रहा डिवाइडर निर्माण
शिवसेना जिला प्रभारी विकास सिंह ने कहा कि नगर पालिका द्वारा आनन-फानन में बिना किसी ठोस प्लानिंग के डिवाइडर का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्य के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से आवश्यक एनओसी भी नहीं ली गई, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अतिक्रमण नहीं हटाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन नगर पालिका इस ओर गंभीर नहीं है।
बिना टेंडर, चहेते ठेकेदारों को काम
शिवसेना नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका के इंजीनियर बिना टेंडर प्रक्रिया अपनाए अपने चहेते ठेकेदारों को नोटशीट के जरिए काम दे रहे हैं। इसके चलते निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बेहद खराब है, जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।

नक्शा पास कराने में कमीशनखोरी का आरोप
शिवसैनिकों का कहना है कि मकरोनिया नगर पालिका में कामर्शियल नक्शों को पास कराने के नाम पर लाखों रुपए की कमीशनखोरी की जा रही है। वहीं, अतिक्रमण हटाने के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जा रही है। नोटिस तो दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।
चेतावनी: मांगे नहीं मानी तो होगा पुतला दहन
शिवसेना के उप-राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि तत्काल डिवाइडर निर्माण कार्य रोका जाए और जिन इंजीनियरों ने नियमों के विपरीत नक्शे पास किए हैं, उनकी जांच कर निलंबन की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि शिवसेना की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी नगरीय प्रशासन मंत्री का पुतला दहन करेगी और आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
बड़ी संख्या में शिवसैनिक रहे मौजूद
प्रदर्शन और रैली के दौरान धर्मेन्द्र यादव, शिवशंकर दुबे, हेमराज आलू, अमन ठाकुर, राहुल, आदि जैन, आशुतोष तिवारी, अजीत जैन सहित बड़ी संख्या में शिवसेना कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शिवसेना ने साफ कहा है कि मकरोनिया नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं के खिलाफ उनका संघर्ष जारी रहेगा और जब तक आम जनता को राहत नहीं मिलेगी, आंदोलन और तेज किया जाएगा।