मध्यप्रदेश के सागर जिले में एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सानौधा थाना क्षेत्र के ग्राम साजली की है, जहां मदरसे के पास सड़क किनारे लगे एक पेड़ पर युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
राहगीरों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात कुछ राहगीरों की नजर सड़क किनारे पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी। घटना देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सानौधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की।

घटनास्थल के आसपास जांच के दौरान पुलिस को सड़क किनारे एक बाइक खड़ी मिली। बाइक के नंबर और दस्तावेजों की जांच के बाद मृतक की पहचान लीलाधर अहिरवार (29) निवासी घोघरा, हाल निवासी साजली के रूप में हुई।
सुबह घर से निकला था युवक
परिजनों ने पुलिस को बताया कि लीलाधर बुधवार सुबह घर से निकला था। शुरुआत में परिवार को लगा कि वह किसी काम से बाहर गया है, लेकिन दोपहर बाद उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा। परिवार के लोगों ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, मगर बात नहीं हो सकी।
रात में सूचना मिली कि साजली गांव के पास मदरसे के समीप एक युवक ने फांसी लगा ली है। परिवार मौके पर पहुंचा, जहां शव की पहचान लीलाधर के रूप में हुई।

भोपाल में करता था काम
परिजनों के अनुसार, लीलाधर भोपाल में बिल्डिंग मटेरियल मिक्स करने वाली मशीन चलाने का काम करता था। वह मजदूरी और मशीन संचालन से परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। पिछले कुछ वर्षों से वह अपनी ससुराल साजली में रह रहा था।
कम उम्र में हुई थी शादी
परिवार ने बताया कि लीलाधर की शादी लगभग 15 साल पहले हुई थी। वर्तमान में उसके तीन बच्चे हैं। परिवार का कहना है कि वह सामान्य जीवन जी रहा था और किसी बड़े विवाद की जानकारी उन्हें नहीं थी। हालांकि उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
सानौधा थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक ने आत्महत्या क्यों की। प्रारंभिक जांच में पुलिस पारिवारिक, आर्थिक और मानसिक तनाव जैसे पहलुओं को भी खंगाल रही है।