सागर में रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में श्रीराम कथा एवं प्राण-प्रतिष्ठा महाआयोजन का भव्य शुभारंभ !

Spread the love

सागर में रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में आज दोपहर 2 बजे सात दिवसीय श्रीराम कथा एवं प्राण-प्रतिष्ठा महाआयोजन का भव्य शुभारंभ किया गया। इस महाआयोजन की शोभा को बढ़ाते हुए कथा का संचालन प्रसिद्ध और निष्णात विद्वान पं. प्रेमभूषण जी महाराज के सानिध्य में किया जाएगा।

इस भव्य आयोजन के मुख्य यजमान और पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी सेवादारों की संयुक्त समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच-पड़ताल की और हर पहलू पर ध्यान देने का निर्देश दिया।

रुद्राक्ष धाम मंदिर परिसर और उसके सामने स्थित स्टेडियम में बने विशाल पंडाल को अत्यंत भव्य और आकर्षक रूप से सजाया गया है। आयोजन स्थल को इस प्रकार सजाया गया है कि श्रद्धालु अयोध्या की भव्यता का अनुभव कर सकें।

पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बैठक के दौरान कहा कि इस आयोजन के लिए सभी ने डेढ़ महीने से कठोर परिश्रम किया है। अब आगामी सात दिन इस परिश्रम की परीक्षा का समय है, जिसमें किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु को रुद्राक्ष धाम प्रांगण में नवनिर्मित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर, श्रीराधा कृष्ण जी मंदिर और श्री राम जानकी मंदिर का सुविधाजनक दर्शन कर सकें, भगवान श्री राम की कथा का श्रवण कर भक्तिभाव में डूबें और प्रसादी ग्रहण कर सकें, यह पूरी व्यवस्थाओं का मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने सभी सेवादारों से कहा कि यह सेवा भगवान की विशेष कृपा और अवसर है। इसे समर्पित भाव से संपन्न करना हमारा परम कर्तव्य है।

आयोजन का यह सात दिवसीय महापर्व श्रद्धालुओं के लिए भक्ति और आध्यात्मिक आनंद का संपूर्ण अनुभव लेकर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *