सागर जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने एक महत्वपूर्ण और अभिनव पहल की है। इसी क्रम में 2 जनवरी को जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में सड़क सुरक्षा के संबंध में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान की तैयारी के तहत कलेक्टर द्वारा वाहन विक्रेताओं एवं संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क सुरक्षा से जुड़े कई अहम निर्देश और अपीलें की गईं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल, जिला क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री मनोज तेहगुनिया सहित दोपहिया, चारपहिया एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली के विक्रेता और संचालक उपस्थित रहे।

दो हेलमेट के साथ ही हो दोपहिया वाहन का विक्रय
कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने स्पष्ट रूप से अपील की कि जिले का कोई भी दोपहिया वाहन विक्रेता बिना दो हेलमेट के वाहन का विक्रय न करे। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की मृत्यु और गंभीर चोटों का प्रमुख कारण हेलमेट का उपयोग न करना है। इसलिए वाहन खरीदते समय ही हेलमेट को अनिवार्य करना एक प्रभावी कदम साबित होगा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शोरूम में सर्विसिंग के लिए आने वाले दोपहिया वाहनों को तभी स्वीकार किया जाए, जब वाहन मालिक हेलमेट पहनकर आए। इससे लोगों में हेलमेट के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और आदत विकसित होगी।

शोरूम में जागरूकता वीडियो और वाहन सुरक्षा जांच
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी वाहन शोरूमों में सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता वीडियो अनिवार्य रूप से चलाई जाएं, ताकि शोरूम में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों को समझ सके और उनका पालन करे।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सर्विसिंग में आने वाले वाहनों में इंडिकेटर, मिरर और बैक लाइट की अनिवार्य जांच की जाए और यदि ये उपकरण नहीं हैं तो उन्हें तत्काल लगवाने के लिए वाहन मालिकों को प्रेरित किया जाए। साथ ही नंबर प्लेट के चारों ओर लाल रंग का रेडियम अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए।
ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रेडियम लगाने की सख्त कार्यवाही
कलेक्टर ने विशेष रूप से कृषि मंडियों में आने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रेडियम लगाने की लगातार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात के समय और कोहरे में ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई न देने के कारण गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं, जिन्हें रेडियम लगाने से काफी हद तक रोका जा सकता है।
उन्होंने समस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली मालिकों से भी अपील की कि वे स्वेच्छा से अपने वाहनों पर रेडियम लगाएं और ट्रैक्टर-ट्रॉली को बीच सड़क पर खड़ा न करें।

विशेष ग्राम सभाओं में सहभागिता और जन जागरूकता
कलेक्टर ने कहा कि 2 जनवरी को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में वाहन विक्रेता और संचालक सक्रिय सहभागिता करें तथा सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाएं। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर भी अलग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
सड़क दुर्घटनाओं के दुष्परिणामों पर चिंता
कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने कहा कि सड़क दुर्घटना में किसी परिवार का सदस्य यदि घायल होता है या उसकी मृत्यु हो जाती है तो पूरे परिवार की स्थिति अत्यंत दयनीय हो जाती है। इसे देखते हुए जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन, पुलिस, वाहन विक्रेता और आमजन सभी को संयुक्त रूप से प्रयास करने होंगे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिले में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर उन्हें हटाने की कार्रवाई भी लगातार की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस और वाहन विक्रेता मिलकर स्कूल, कॉलेज एवं सार्वजनिक स्थानों पर निरंतर जन जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने वीडियो के माध्यम से भी सड़क दुर्घटनाओं से जुड़ी जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने अपील की कि सभी नागरिक हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करें, जिससे स्वयं और परिवार दोनों सुरक्षित रह सकें।
यह पहल जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आने वाले समय में दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।