“सिंगल हो क्या, साथ चलोगी…”: इंदौर में लेडी कॉन्स्टेबल से छेड़छाड़, स्टिंग ऑपरेशन में पकड़ा गया मनचला !

Spread the love

इंदौर में महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे पुलिस अभियान के दौरान एक मनचले को लेडी कॉन्स्टेबल से छेड़छाड़ करते रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी देर रात सड़क पर पैदल जा रही महिला पुलिसकर्मी के पास एक्टिवा से पहुंचा और उससे अभद्र टिप्पणी करते हुए बोला- “सिंगल हो क्या, साथ चलोगी?”

पूरी घटना पुलिस के स्टिंग ऑपरेशन का हिस्सा थी, जिसमें आरोपी की हरकत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। गिरफ्तारी के बाद युवक पुलिस से माफी मांगने लगा।

महिला सुरक्षा के लिए चल रहा था स्टिंग ऑपरेशन

जानकारी के मुताबिक इंदौर पुलिस शहर में महिलाओं के साथ बढ़ रही छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चला रही है। इसी कड़ी में विजय नगर इलाके में रविवार देर रात स्टिंग ऑपरेशन किया गया।

रात करीब 12 बजे से 1 बजे के बीच दो महिला पुलिसकर्मियों को सामान्य युवती की तरह इलाके में घूमने के लिए भेजा गया था। दोनों पुलिसकर्मी मेघदूत गार्डन के बाहर पैदल घूम रही थीं।

इसी दौरान एक युवक एक्टिवा से उनके पास पहुंचा और लगातार आगे-पीछे घूमने लगा। कुछ देर बाद उसने महिला कॉन्स्टेबल से अशोभनीय टिप्पणी कर छेड़छाड़ की कोशिश की।

कार में मौजूद थी पुलिस टीम

स्टिंग ऑपरेशन के दौरान आसपास पुलिस की एक टीम कार में मौजूद थी, जो गुप्त रूप से पूरी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। कैमरों के जरिए आरोपी की हरकत रिकॉर्ड की जा रही थी।

जैसे ही युवक ने छेड़छाड़ की, पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी घबरा गया और अपनी हरकत के लिए माफी मांगने लगा।

आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है आरोपी

पुलिस ने आरोपी की पहचान सर्वेश साहू के रूप में की है। वह मूल रूप से सागर का रहने वाला है और इंदौर की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करता है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अक्सर अकेली महिलाओं का पीछा करता था और उनसे छेड़छाड़ की कोशिश करता था। पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

एसीपी बोले- कार्रवाई लगातार जारी रहेगी

पराग सैनी ने बताया कि शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों और ऑफिस एरिया में कामकाजी युवतियों से छेड़छाड़ की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।

इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने स्टिंग ऑपरेशन की योजना बनाई थी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और मनचलों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी एक्टिवा पर महिला पुलिसकर्मियों के आसपास घूमता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग पुलिस की कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।

शहर में बढ़ती छेड़छाड़ की घटनाओं के बीच पुलिस का यह अभियान महिला सुरक्षा को लेकर एक सख्त संदेश माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *