सोने और चांदी की कीमतों में आज यानी 6 फरवरी को तेज गिरावट देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत में ₹13,155 प्रति किलो की भारी गिरावट दर्ज की गई है। इसके बाद चांदी का भाव घटकर ₹2,41,184 प्रति किलो रह गया है, जबकि इससे पहले यह ₹2,54,339 प्रति किलो पर थी।
महज दो दिनों में ही चांदी कुल ₹41,278 प्रति किलो सस्ती हो चुकी है।
वहीं सोने की कीमत में भी गिरावट का सिलसिला जारी है। 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव आज ₹1,013 घटकर ₹1,51,489 पर आ गया। इससे पहले सोना ₹1,52,502 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था। बीते दो दिनों में सोना कुल ₹6,669 सस्ता हुआ है।

29 जनवरी को बना था ऑल टाइम हाई
गौरतलब है कि सर्राफा बाजार में 29 जनवरी को सोने और चांदी दोनों ने रिकॉर्ड स्तर छू लिया था। उस दिन 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,76,121 और चांदी का भाव ₹3,85,933 प्रति किलो तक पहुंच गया था। इसके बाद से दोनों कीमती धातुओं में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
3 दिन में चांदी ₹1.60 लाख तक टूटी
इससे पहले 29 जनवरी से 2 फरवरी के बीच भी चांदी की कीमत में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई थी। इस दौरान चांदी करीब ₹1.60 लाख प्रति किलो तक सस्ती हो गई थी। वहीं सोने की कीमत में भी लगभग ₹26 हजार प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई थी।
वायदा बाजार यानी MCX पर चांदी ₹4 लाख प्रति किलो के स्तर से फिसलकर ₹2.41 लाख तक आ गई थी, जबकि 24 कैरेट सोना ₹1.70 लाख से गिरकर ₹1.40 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास पहुंच गया था। हालांकि इसके बाद दोनों धातुओं में कुछ समय के लिए तेजी भी देखने को मिली।

सोने-चांदी में गिरावट की मुख्य वजहें
विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने और चांदी की कीमतों में आई गिरावट के पीछे मुख्य रूप से दो कारण हैं—
1. प्रॉफिट बुकिंग:
हाल के दिनों में सोने-चांदी के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए थे। ऐसे में निवेशकों ने मुनाफा वसूलने के लिए बड़े पैमाने पर बिक्री की, जिससे कीमतों पर दबाव बना।
2. फिजिकल डिमांड में कमी:
ऑल टाइम हाई के बाद बाजार में सोने और चांदी की फिजिकल डिमांड कमजोर पड़ गई। इसके अलावा औद्योगिक मांग को लेकर भी चिंताएं बढ़ीं, जिसका असर खासतौर पर चांदी की कीमतों पर देखने को मिला।

ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप इस गिरावट के दौरान सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है—
1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें:
हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। हॉलमार्क एक अल्फान्यूमेरिक कोड होता है, जैसे AZ4524, जिससे सोने की शुद्धता और कैरेट की जानकारी मिलती है।
2. कीमत जरूर क्रॉस चेक करें:
सोना खरीदते समय उसके वजन और उस दिन की कीमत को अलग-अलग विश्वसनीय सोर्स से जरूर जांच लें। IBJA जैसी संस्थाओं की वेबसाइट से सोने के ताज़ा रेट चेक किए जा सकते हैं। ध्यान रखें कि 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने की कीमत अलग-अलग होती है।