
छतरपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह प्रशासन ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के हुसैन मस्जिद के पीछे अतिक्रमण हटाने के लिए बड़ी कार्रवाई की। बुलडोजर की मदद से लगभग 22 मकानों को गिरा दिया गया।
नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल के साथ कार्रवाई की। पूरे घटनाक्रम की निगरानी ड्रोन कैमरों से की गई।

प्रभावित परिवारों ने कार्रवाई पर सवाल उठाए। मोहम्मद साहिब ने कहा कि उन्हें मंगलवार शाम को नोटिस मिला और बुधवार सुबह ही मकान तोड़ दिए गए। उन्होंने बताया कि उन्हें केवल 24 घंटे का समय मिला, जो असंवैधानिक है। महिला निवासी संजू ने चिंता जताई कि ठंड के मौसम में परिवार का रहना मुश्किल हो गया है।

एसडीएम अखिल राठौर ने बताया कि सभी संबंधित लोगों को पहले तीन बार नोटिस दिया गया था। उन्हें सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई और अपने निर्माण हटाने के बारे में सूचित किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय जमीन पर अतिक्रमण नहीं किया जा सकता, चाहे किसी को आवास मिला हो या नहीं।
