सागर। जिले में महिला सशक्तिकरण को मजबूती देने के उद्देश्य से मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम “हौसलों की उड़ान” के अंतर्गत तीसरे दिन विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने शिविरों में पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकों से परामर्श लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पहले दिन लखपति संवाद से की गई थी, वहीं दूसरे दिन विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। तीसरे और अंतिम दिन महिलाओं के शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित किए गए।

खुरई विकासखंड के आजीविका भवन में नीलकंठ संकुल स्तरीय फेडरेशन के तत्वावधान में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय सीनियर एएनएम को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने महिलाओं से स्वास्थ्य संबंधी संवाद किया और जांच की। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक शिविर में भाग लिया।

चिकित्सकीय जांच के दौरान सामने आया कि अधिकांश महिलाएं घुटनों के दर्द, खून की कमी (एनीमिया), अनियमित दिनचर्या और पर्याप्त पोषण के अभाव से होने वाली कमजोरी जैसी समस्याओं से ग्रसित हैं। हालांकि गंभीर बीमारियों से पीड़ित महिलाओं की संख्या कम पाई गई। शिविर के दौरान महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, स्वच्छता और पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इसके साथ ही प्रसव पूर्व, प्रसव के दौरान और प्रसव पश्चात देखभाल, टीकाकरण और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी महिलाओं को जागरूक किया गया।
इस संबंध में कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने बताया कि हौसलों की उड़ान कार्यक्रम के तहत आयोजित तीन दिवसीय गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को समाज में बराबरी का दर्जा दिलाना, उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना और उन्हें बेहतर जीवनशैली की ओर अग्रसर करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव रखते हैं।