26 जून 2026 को सिनेमाघरों में मचेगा कॉमेडी का धमाल, ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज डेट फाइनल !

Spread the love

अपनी आइकॉनिक ट्यून और यादगार किरदारों से दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाली भारत की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘वेलकम’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार है। लंबे इंतजार के बाद फ्रेंचाइजी का अगला चैप्टर ‘वेलकम टू द जंगल’ अब आधिकारिक तौर पर 26 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।

फिल्म की घोषणा के साथ ही सोशल मीडिया पर उत्साह का माहौल बन गया है और फैंस एक बार फिर मजनू भाई, उदय शेट्टी और उनकी गैंग की कॉमिक अराजकता देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

2007 से शुरू हुआ था हंसी का सफर

‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म वेलकम से हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की और आज भी इसे हिंदी सिनेमा की सबसे पसंदीदा कॉमेडी फिल्मों में गिना जाता है। इसके बाद साल 2015 में वेलकम बैक रिलीज हुई, जिसने फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता को और मजबूत किया।

पहले दोनों भागों का निर्देशन अनीस बज्मी ने किया था, लेकिन इस बार निर्देशन की कमान बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर से निर्देशक बने अहमद खान ने संभाली है। अहमद खान अपने अलग विज़न और एंटरटेनमेंट पैक फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, जिससे इस नए चैप्टर को लेकर उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

30 से ज्यादा सितारों की मेगा स्टारकास्ट

‘वेलकम टू द जंगल’ को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी मल्टी-स्टारर कॉमेडी फिल्मों में से एक बताया जा रहा है। फिल्म में 30 से ज्यादा कलाकार नजर आएंगे और हर किरदार की कॉमिक टाइमिंग को इसकी सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है।

फिल्म की प्रमुख स्टारकास्ट में शामिल हैं:
अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, अरशद वारसी, राजपाल यादव, जॉनी लीवर, अफताब शिवदासानी, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, रवीना टंडन, लारा दत्ता, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस और उर्वशी रौतेला।

इनके अलावा फिल्म में कृष्णा अभिषेक, किकू शारदा, विंदू दारा सिंह, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, नवाब शाह, किरण कुमार, पूनीत इस्सर, अर्जुन फिरोज खान, सुदेश बेरी, हेमंत पांडे, जाकिर हुसैन, सयाजी शिंदे और दलेर मेहंदी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

दिवंगत पंकज धीर की मौजूदगी बनाएगी फिल्म को खास

फिल्म की एक भावनात्मक खासियत यह भी है कि इसमें दिवंगत अभिनेता पंकज धीर की मौजूदगी देखने को मिलेगी। यह फिल्म उनके चाहने वालों के लिए एक खास यादगार साबित हो सकती है।

कॉमेडी, म्यूजिक और मसालेदार एंटरटेनमेंट का वादा

‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी अपनी फुल-ऑन कॉमेडी, मजेदार डायलॉग्स, यादगार म्यूजिक और अतरंगी किरदारों के लिए जानी जाती है। ऐसे में ‘वेलकम टू द जंगल’ से भी दर्शकों को उसी लेवल के मसालेदार एंटरटेनमेंट की उम्मीद है, बल्कि मेगा स्टारकास्ट को देखते हुए यह फिल्म फ्रेंचाइजी की अब तक की सबसे बड़ी फिल्म साबित हो सकती है।

फैंस में जबरदस्त उत्साह

रिलीज डेट के ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस फिल्म को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग इसे “कॉमेडी का महाकुंभ” बता रहे हैं, तो कुछ इसे 2026 की सबसे बड़ी एंटरटेनमेंट फिल्म मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *