
क्षत्रिय महासभा ने घोषणा निरस्त करने की मांग की, 5 अक्तूबर के बाद प्रदेश व्यापी आंदोलन की चेतावनी
क्षत्रिय महासभा जिला सागर के तत्वावधान में जिले भर से आए क्षत्रिय समाज के लोगों ने खेल परिसर से रैली निकालकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर दो ज्ञापन सौंपे। एक ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम था जिसमें विगत 25 सितंबर को जैसीनगर की आमसभा में मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से कराई गई जैसीनगर का नाम बदलने की घोषणा को निरस्त करने की मांग की गई। वहीं दूसरे ज्ञापन में सागर में स्वीकृत वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना डेढ़ माह के भीतर कराने की बात कही गई।

दोपहर से ही खेल परिसर में जिले की सभी तहसीलों से क्षत्रिय समाज के लोग जुटने लगे। रैली के दौरान समाज के लोगों ने “क्षत्रिय एकता जिंदाबाद” और “महाराणा प्रताप अमर रहें” के नारे लगाए। ज्ञापन लेने पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट अमन मिश्रा को क्षत्रिय महासभा जिला सागर के अध्यक्ष ने दोनों ज्ञापन पढ़कर सुनाए।
ज्ञापन में कहा गया कि जयसिंह नगर की स्थापना 1679 में गढ़पहरा के दांगी राजपूत शासक जय सिंह देव ने की थी और तभी से यह नगर उनके नाम पर ही जाना जाता है। नाम बदलने की घोषणा से समाज आहत है। आरोप लगाया गया कि जिला प्रशासन और शासन को गुमराह कर इतिहास मिटाने की कोशिश हो रही है। साथ ही, उदाहरण देते हुए कहा गया कि क्षेत्र में कई स्थान ऐसे हैं जिनके नाम मुगलिया सल्तनत की गुलामी के प्रतीक हैं, उन्हें बदले जाने की जरूरत है, न कि सांस्कृतिक महत्व वाले नगरों के नाम।
महासभा ने चेतावनी दी कि यदि 5 अक्तूबर तक घोषणा निरस्त नहीं की गई तो जिले के सभी ब्लॉकों में ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं हुई तो संपूर्ण प्रदेश का क्षत्रिय समाज भोपाल में बड़ा प्रदर्शन करेगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी दांगी क्षत्रिय समाज ने विरोध दर्ज कराते हुए ज्ञापन दिए हैं।

महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना की मांग
दूसरे ज्ञापन में सागर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना में हो रहे विलंब पर नाराजगी जताई गई। ज्ञापन में कहा गया कि दो वर्ष पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने 1 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की थी। टेंडर और स्थल चयन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, किंतु प्रतिमा स्थापना अब तक नहीं हो पाई है। हाल ही में नगर निगम परिषद ने सिटी स्टेडियम का नाम वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के नाम पर करने और प्रतिमा को वहीं लगाने का प्रस्ताव पारित किया है। क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष श्री लखन सिंह ने कहा कि प्रतिमा स्थापना का कार्य डेढ़ माह में पूरा किया जाना चाहिए।

बड़ी संख्या में शामिल हुए समाजजन
रैली व ज्ञापन कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, कुंवर सिंह किर्रावदा बीना, राजेंद्र सिंह बुंदेला दरी, एड. वीनू शमशेर जंग बहादुर राणा, शेरसिंह सिमरघान खुरई, एड. जितेंद्र सिंह ठाकुर गंभीरिया, डॉ. पीएस ठाकुर, जगदीश सिंह सोलंकी पाटई, राम सिंह क्षीर, मंगल सिंह दादा बंडा, इंद्राज सिंह खिरिया कर्रापुर, शिवराज सिंह सरगौली, राजकुमार सिंह धनौरा सहित सैकड़ों क्षत्रिय समाजजन मौजूद रहे।
महिला विंग की बड़ी भागीदारी भी देखने को मिली। कार्यक्रम में श्रीमती प्रीति सिंह राजपूत, श्रीमती रानी राजा बुंदेला, श्रीमती प्रमिला सिंह राजपूत, श्रीमती रितुल ठाकुर, श्रीमती हर्षवर्धन ठाकुर, श्रीमती रितु राहुल राजपूत, पारुल चौहान, ज्योति चौहान, अर्चना सिंह सहित अनेक महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।