म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, विकासखंड सागर के अंतर्गत पहचान संकुल स्तरीय संगठन द्वारा आयोजित वार्षिक साधारण सभा का आयोजन दिनांक 28 सितम्बर 2025 को ग्राम भैंसा स्थित संगठन के कार्यालय भवन में किया गया। इस अवसर पर विभिन्न ग्राम संगठनों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 182 दीदियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

पौधारोपण से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से हुई। इसके बाद सरस्वती पूजन, प्रार्थना और भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। सभा की अध्यक्ष श्रीमती गीता पटेल ने सीएफएल का वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। साथ ही ऑडिट रिपोर्ट भी साझा की गई।
जागरूकता और संस्कृति का संगम
सभा में विविध सांस्कृतिक और जागरूकता आधारित प्रस्तुतियाँ दी गईं। इनमें “एक माँ, बगिया के नाम” विषय पर आधारित आधा आधार कार्ड एवं दस्तावेज डिजिटलीकरण संबंधी नाटिका और लोकगीतों की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

दीदियों की सफलता की कहानियों ने बढ़ाया आत्मविश्वास
विभिन्न समूहों की दीदियों ने अपने-अपने अनुभव और सफलता की कहानियाँ साझा कर अन्य सदस्यों को प्रेरित किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों को सम्मान और पुरस्कार प्रदान किए गए।
अतिथि का संबोधन
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री नारायणप्रसाद कबीर पंथी ने अपने उद्बोधन में दीदियों की मेहनत और आत्मनिर्भरता की सराहना की। उन्होंने कहा कि आजीविका मिशन के अंतर्गत महिलाओं द्वारा किए जा रहे सामूहिक प्रयास आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर चल रहे सेवा पखवाड़ा से जुड़े कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए आश्वस्त किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दीदियों तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने “लखपति दीदियों” से भी चर्चा की और उन्हें बधाई व शुभकामनाएँ दीं।