सागर। शहर की कैंट थाना पुलिस ने अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए एक 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पैसों के लालच में 32 वर्षीय युवक की बेरहमी से कटर से हमला कर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद नाबालिग घर पर ही सामान्य तरीके से रह रहा था ताकि किसी को उस पर शक न हो।
23 सितंबर को मिला था शव
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को कैंट क्षेत्र की ओसीएल लाइन के पास तार वाले बाबा की मजार के पीछे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना प्रभारी रोहित डोंगरे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार किया। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि युवक की धारदार हथियार से गले पर वार कर हत्या की गई थी।

मृतक की पहचान
जांच के दौरान मृतक की पहचान करण पटेल (32 वर्ष) निवासी बरा बंडा हाल शंकरगढ़ मकरोनिया के रूप में हुई। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था। शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
गहन जांच और साक्ष्य संकलन
हत्या का स्थान आर्मी एरिया और घनी बस्ती से सटा हुआ था। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल था। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। करीब 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। मृतक से मिलने-जुलने वाले लोगों और आसपास के रहवासियों से भी लगातार पूछताछ की गई।
मुखबिर की सूचना पर पहुँची पुलिस
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पूर्व प्रकरणों में संलिप्त रहा राजीव नगर क्षेत्र का एक बाल अपचारी इस वारदात में शामिल हो सकता है। संदेह के आधार पर पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लिया और थाने लाकर पूछताछ की।

पैसों के लालच में रची साजिश
पूछताछ में आरोपी नाबालिग ने हत्या की वारदात करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि पैसों की जरूरत के चलते उसने मृतक को बातचीत के बहाने अपने घर के पास मजार के पीछे बुलाया और वहां कटर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर लौट आया और ऐसे व्यवहार करता रहा मानो कुछ हुआ ही न हो।
हथियार और कपड़े जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त कटर, वारदात के समय पहने कपड़े और मृतक का मोबाइल जब्त किया है।
पुलिस का बयान
कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि हत्या के मामले में 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। उसने पैसों के लालच में युवक की हत्या की थी। आरोपी के खिलाफ पूर्व से हत्या के प्रयास और मारपीट जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।