11 नामजद आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज, चक्काजाम के बाद खुला मार्ग
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बगरोही में सोमवार को पुरानी रंजिश के चलते दो परिवारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद में 50 वर्षीय परमलाल यादव की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, बहू और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खेत से लौटते समय हुआ हमला
मंगलवार को दर्ज FIR के मुताबिक, फरियादी दीपपाल यादव (18 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वह अपने पिता परमलाल, मां रम्बोबाई और भाभी सरोज के साथ खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पुरानी रंजिश को लेकर जगदीश यादव, अर्जुन यादव, अरविंद यादव, विनोद यादव, राजू यादव, राजेश यादव, खिल्लान यादव, दयालु यादव, जाहर यादव, मुन्ना यादव और हल्कन यादव हथियार लेकर आ धमके।

तलवार और कुल्हाड़ी से हमला
दीपपाल के अनुसार, आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की। विरोध करने पर जगदीश यादव ने पिता परमलाल पर तलवार से हमला कर दिया, जो उनके हाथ पर लगा। इसके बाद अन्य आरोपियों ने कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर परमलाल को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीचबचाव करने पहुंचे दीपपाल, मां रम्बोबाई और भाभी सरोज को भी चोटें आईं।
अस्पताल ले जाते समय मौत
गंभीर रूप से घायल परमलाल को पहले शाहगढ़ अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें सागर जिला अस्पताल रेफर किया। लेकिन रास्ते में बीला के पास ही परमलाल ने दम तोड़ दिया। शव को वापस शाहगढ़ अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चक्काजाम से तनाव
परमलाल की मौत के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने सागर-छतरपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाइश के बाद जाम खोला गया।
11 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं, फरियादी की शिकायत और गवाहों के आधार पर पुलिस ने सभी 11 आरोपियों पर हत्या, मारपीट और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की सख्ती
शाहगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बन सके।