कार्तिक कुमार सिंह सागर संभाग के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मिसाल बने !

Spread the love

कलेक्टर श्री संदीप जी आर की अभिनव योजना, मिशन शतरंज, जिले के शासकीय विद्यालयों में शतरंज प्रशिक्षण का प्रभाव लगातार बढ़ा रही है। इस योजना के तहत प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों द्वारा छात्रों को तकनीकी और रणनीतिक शतरंज शिक्षा दी जा रही है। इसी क्रम में सागर संभाग के पारस विद्या विहार स्कूल के छात्र कार्तिक कुमार सिंह ने मध्य प्रदेश के सीहोर में आयोजित 14 वर्ष बालक वर्ग शासकीय शतरंज प्रतियोगिता में राष्ट्रस्तरीय चयन प्राप्त किया।

कार्तिक सागर संभाग से इकलौते ऐसे खिलाड़ी रहे जो पूरे टूर्नामेंट में आपराजित रहे। उन्होंने सात मैचों में चार मैच जीतकर और तीन ड्रॉ करके अपनी उत्कृष्ट क्षमता का परिचय दिया। दिन में 6-7 घंटे शतरंज का अभ्यास करने वाले कार्तिक का सपना भविष्य में ग्रैंड मास्टर बनने का है। उनके कोच अभिजीत अवस्थी ने उनकी तकनीक और खेल भावना निखारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

कार्तिक ने इससे पहले मदुरई और उदयपुर जैसे FIDE अंतरराष्ट्रीय रेटिंग टूर्नामेंट में भी भाग लिया है, जहां उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय रेटिंग खिलाड़ियों को हराया और ड्रॉ किए। अब तक उन्होंने अपने करियर में 10 से अधिक अंतरराष्ट्रीय रेटिंग खिलाड़ियों के खिलाफ जीत या ड्रॉ दर्ज किया है।

कार्तिक का मानना है कि खेल को हमेशा अच्छी खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेहनत और नियमों का पालन सफलता की कुंजी है। कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने कार्तिक कुमार सिंह को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और भविष्य में और बड़ी सफलताओं की शुभकामनाएं दी।

मिशन शतरंज योजना ने स्पष्ट कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से जिले के छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *