सागर। विजयदशमी के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने सागर पुलिस लाइन में परंपरागत रूप से शस्त्र पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शस्त्रों की पूजा केवल परंपरा नहीं, बल्कि यह हमें धर्म, कर्म और कर्तव्यों का बोध कराती है।

कार्यक्रम में सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री सचेंद्र सिंह चौहान, कलेक्टर संदीप जी.आर., पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश
मंत्री राजपूत ने शस्त्र पूजन के बाद कहा कि यह परंपरा हमें कर्तव्यों और कर्मों के प्रति जागरूक करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश पुलिस को आधुनिक हथियार और शस्त्र उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

दायित्वों और गौरव का पर्व
मंत्री ने कहा कि विजयदशमी के अवसर पर शस्त्रों और वाहनों की पूजा से हमें अपने दायित्वों की अनुभूति होती है। उन्होंने इसे एक गौरवपूर्ण परंपरा बताया, जिसे मध्य प्रदेश शासन उत्साहपूर्वक मनाता है।
शस्त्र पूजन के बाद मंत्री राजपूत ने हथियारों और शस्त्रों की जानकारी भी ली। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उईके, लोकेश सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप, नितेश सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।