विधायक प्रदीप लारिया ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात — अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का सर्वे और विकास कार्यों की स्वीकृति का रखा आग्रह !

Spread the love

भोपाल, 7 अक्टूबर 2025
नरयावली विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने सोमवार की देर रात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से वल्लभ भवन, मंत्रालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने क्षेत्र के किसानों की समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

फसलों के नुकसान का सर्वे कराने की मांग

विधायक लारिया ने मुख्यमंत्री को बताया कि हाल की अतिवृष्टि (अधिक वर्षा) के कारण नरयावली विधानसभा के सभी ग्रामों की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। किसान बुरी तरह प्रभावित हैं और आर्थिक संकट झेल रहे हैं। उन्होंने आग्रह किया कि सरकार तुरंत फसल नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को आर्थिक राहत प्रदान करे, ताकि वे आगामी बुवाई की तैयारी कर सकें।

पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने का आग्रह

उन्होंने आगामी रबी सीजन को देखते हुए समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि खाद की कमी रही, तो किसान दोहरी मार झेलेंगे — एक तरफ नुकसान की भरपाई न हो पाएगी और दूसरी तरफ नई बुवाई संकट में पड़ जाएगी।

मकरोनिया में फ्लाईओवर के विस्तार की मांग

विधायक लारिया ने सीआरआईएफ की सेतुबंधन योजना अंतर्गत प्रस्तावित मकरोनिया चौराहे पर बनने वाले फ्लाईओवर की लंबाई 900 मीटर से बढ़ाकर 2400 मीटर करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए यह विस्तार आवश्यक है, जिससे नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिल सकेगी।

सामुदायिक भवनों और सड़क निर्माण के प्रस्ताव

विधायक ने जटाशंकर मंदिर, ग्राम पंचायत सानौधा और ग्राम पंचायत रजौआ में नागरिक सुविधाओं के लिए 38-38 लाख रुपए से सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने नगर परिषद कर्रापुर में विशेष निधि से विकास कार्यों को मंजूरी देने तथा सानौधा-सिमरिया (मझगुवां) और एसएएफ बटालियन-नरवानी मार्ग के निर्माण को लोक निर्माण विभाग की स्थाई वित्तीय समिति से स्वीकृत कराने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री का आश्वासन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक लारिया को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी स्थिति में नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और नरयावली क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत किया जाएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *