खुरई (सागर) – खुरई के ग्राम सुमरेड़ी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवा भाजपा नेता श्री अविराज सिंह ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जीवन को अनुशासन का प्रत्यक्ष उदाहरण बताया और कहा कि देश के युवाओं के लिए अनुशासन के मार्ग पर चलना सर्वोत्तम है। इसके लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) युवाओं के लिए एक आदर्श मंच है, जो उन्हें संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र प्रेम की शिक्षा प्रदान करता है।
अविराज सिंह ने संवाद के दौरान युवाओं को समझाया कि युवा किसी आयु तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह व्यक्ति युवा है जिसके कदमों में गति और मन में उत्साह है। उन्होंने आचार्य विष्णुगुप्त चाणक्य के कथन का स्मरण कराते हुए कहा कि युवा अवस्था में किया गया संघर्ष और परिश्रम जीवन भर साथ देता है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि किसी व्यक्ति के आचरण और बोलचाल से उसकी पहचान और राष्ट्र के प्रति उसका दृष्टिकोण समझा जा सकता है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का महत्व और स्थापना अविराज सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने 2 अक्टूबर को अपने 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं। संघ की स्थापना श्री केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी। उन्होंने बताया कि हेडगेवार जी को यह प्रश्न सताता था कि भारत, जो कभी इतना वैभवशाली और गौरवशाली था, वह कैसे इतने वर्षों तक मुगलों और अंग्रेजों का गुलाम रहा। उन्होंने यह उत्तर पाया कि हिंदू समाज एक नहीं था। इसके समाधान के लिए उन्होंने संघ की स्थापना की, जिसका उद्देश्य हिंदू समाज को एक सूत्र में बांधना है।
अविराज सिंह ने बताया कि संघ शाखाओं के माध्यम से सक्रिय रूप से कार्य करता है। उन्होंने उपस्थित युवाओं को आगामी 12 अक्टूबर को खुरई में संघ पद संचलना में भाग लेने का निमंत्रण भी दिया, जिसमें युवाओं की शक्ति शामिल होगी।
आत्मनिर्भर भारत का सपना अविराज सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब हमारे युवा इतने सशक्त होंगे कि उन्हें विदेशों में रोजगार खोजने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने युवाओं को स्वदेशी अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि हमारा नारा होना चाहिए:
“हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी।”
युवाओं को स्वदेशी उत्पाद, स्वभाषा और स्वभूषा को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि इससे भारत का धन और संसाधन हमारे देश में ही रहेंगे और यह राष्ट्र आत्मनिर्भर बन सकेगा।