सागर। महिला शिक्षा और सुरक्षा को सशक्त करने की दिशा में सागर को एक और महत्वपूर्ण सुविधा मिलने जा रही है। विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने सोमवार को शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, राजघाट रोड परिसर में बनने वाले 50 सीटर गर्ल्स हॉस्टल (बालिका छात्रावास) निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। यह छात्रावास लगभग 3.20 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान विधायक जैन ने लोक निर्माण विभाग (पीआईयू) के अधिकारियों के साथ स्थल का अवलोकन करते हुए शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह छात्रावास सागर शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से शिक्षा प्राप्त करने आने वाली छात्राओं के लिए एक सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक आवासीय सुविधा प्रदान करेगा।
विधायक जैन ने बताया कि उनके प्रयासों से अब तक महाविद्यालय में लगभग 12 करोड़ रुपए की लागत से दो नवीन भवनों का निर्माण कराया जा चुका है, जिनमें से एक भवन में कक्षाओं का संचालन भी शुरू हो चुका है। इसी परिसर में अब यह गर्ल्स हॉस्टल भी निर्मित किया जाएगा, जिससे छात्राओं को शिक्षा के साथ बेहतर और सुरक्षित आवास का वातावरण उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा, “बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सागर की बेटियाँ आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित आवास की सुविधा देना हमारी जिम्मेदारी है।”
विधायक जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार अधोसंरचना विकास के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
निरीक्षण के दौरान पीआईयू अधिकारी, महाविद्यालय प्रशासन और अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।