सागर। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) जिला इकाई सागर द्वारा होटल दीपाली पैलेस, मकरोनिया में जिला स्तरीय सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प के स्वर गूंजे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैट राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बी.सी. भरतिया और अध्यक्षता कर रहे विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन ने नवगठित कैट टीम को शपथ दिलाई। इस अवसर पर व्यापार जगत की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा, “व्यापार जगत देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। व्यापारी समाज केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने में भी अग्रणी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को साकार करने में कैट जैसी संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।”
उन्होंने नवगठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “कैट संस्था व्यापारी समस्याओं के समाधान और नीतिगत संवाद के लिए एक प्रभावी मंच है।”
मुख्य अतिथि श्री बी.सी. भरतिया ने कहा, “व्यापारी संगठित होंगे तभी स्वदेशी महान बनेगा। कैट केवल व्यापार नहीं, बल्कि ‘व्यापारी जुटन – स्वदेशी महान’ का राष्ट्रीय अभियान है। विदेशी उत्पादों पर निर्भरता घटाना और भारतीय उत्पादों को बढ़ावा देना ही सच्ची राष्ट्रसेवा है।”
विशिष्ट अतिथि डॉ. वाई.एस. ठाकुर ने कहा कि “व्यापार जगत को अब डिजिटल और तकनीकी नवाचार को अपनाकर नई दिशा में बढ़ना होगा।”
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री रमेश गुप्ता ने कैट की भूमिका को छोटे व्यापारियों के लिए “सशक्त मंच” बताया, वहीं प्रदेश महामंत्री श्री राजीव खंडेलवाल ने कहा कि “नई टीम संगठन को और सशक्त बनाएगी।”
इस दौरान गोविन्ददास आसाठी, संजय अग्रवाल, सुरेश होलानी, अजीत समैया और निकेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन (मालथौन) ने किया एवं आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री अनिमेष शाह ने किया।
कार्यक्रम में विजय भूषण वर्मा, संजीव दिवाकर, प्रमेंद्र रिछारिया, राकेश बजाज, विक्रम सोनी, सौरभ सिंघई, मुन्ना भाई गुजराती नमकीन, आनंद स्टील, ऋतुराज जैन, विकास मोदी, सौरभ जैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।